अयोध्या। नवोदय विद्यालय समिति, लखनऊ संभाग की ओर से रीजनल एलुमनी मीट-2026 का आयोजन डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के विवेकानंद सभागार में किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न जनपदों से पहुंचे नवोदय विद्यालयों के पूर्व छात्र-छात्राओं, वर्तमान विद्यार्थियों, शिक्षकों और सेवानिवृत्त शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजन नवोदय परिवार की एकजुटता और गुरुजनों के प्रति सम्मान का प्रतीक बना।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी अयोध्या केके सिंह, नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार, गोंडा के डीआईओएस रामचन्द्र, नवोदय विद्यालय समिति के सहायक आयुक्त बीके सिंह सहित भदोही के प्राचार्य इकरामुद्दीन सिद्दीकी, अयोध्या के प्राचार्य केके मिश्रा और सुल्तानपुर के प्राचार्य हरिशंकर उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों और प्रतिभागियों के रोली-चंदन से आत्मीय स्वागत के साथ हुआ। इसके बाद पंजीकरण, नाश्ता, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, सहभोज और सामूहिक छायाचित्र का आयोजन किया गया। अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
मीट में अयोध्या, आजमगढ़, बस्ती, वाराणसी, बाराबंकी, बहराइच, बरेली, भदोही, महोबा, मिर्जापुर और संतकबीरनगर के पूर्व छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की। इस दौरान वाराणसी में प्रस्तावित राज्य स्तरीय एलुमनी मीट की आयोजन समिति के सदस्यों ने विभिन्न जनपदों से आए पूर्व छात्रों को आमंत्रण-पत्र सौंपे। साथ ही अधिकाधिक पंजीकरण कराने और आयोजन के लिए आर्थिक सहयोग देने की अपील की।
आयोजन ने नवोदय विद्यालय की गौरवशाली परंपरा, आपसी जुड़ाव और पुराने साथियों के बीच आत्मीय रिश्तों को नई मजबूती प्रदान की।
