After Header-1

झारखंड के 28 पुलिसकर्मियों को मिलेगा केंद्रीय गृह मंत्री दक्षता पदक, अनूप बिरथरे भी शामिल

रांची। झारखंड पुलिस के लिए गौरव की खबर है। राज्य के 28 पुलिस अधिकारियों और जवानों को वर्ष 2026 के केंद्रीय गृह मंत्री दक्षता पदक से सम्मानित किया जाएगा। इनमें भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी और झारखंड जगुआर के महानिरीक्षक (आईजी) अनूप बिरथरे भी शामिल हैं। केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से जारी सूची में इन सभी का चयन विशेष अभियान (स्पेशल ऑपरेशन) श्रेणी में उत्कृष्ट कार्य और उल्लेखनीय योगदान के लिए किया गया है।

मंत्रालय की सूची के अनुसार, चयनित अधिकारियों और जवानों ने 22 जनवरी से 30 जून 2026 के बीच संचालित विभिन्न विशेष अभियानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। सम्मान पाने वालों में आईजी, डीआईजी, डिप्टी कमांडेंट, डीएसपी, एसडीपीओ, इंस्पेक्टर, सब इंस्पेक्टर, एएसआई, हवलदार और आरक्षी स्तर के पुलिसकर्मी शामिल हैं।

वरिष्ठ अधिकारियों में झारखंड जगुआर के आईजी अनूप बिरथरे, डीआईजी इंद्रजीत महथा और डिप्टी कमांडेंट मिथिलेश कुमार का चयन हुआ है। इनके अलावा डीएसपी ज्ञान रंजन, चंदन कुमार और प्रदीप कुमार तथा एसडीपीओ जयदीप लकड़ा को भी पदक के लिए चुना गया है।

इंस्पेक्टर स्तर पर रमेश मुर्मू, अमित रोशन कुल्लू और मनोरंजन प्रसाद सिंह को सम्मान मिलेगा। वहीं, सब इंस्पेक्टर अमृत केरकेट्टा, संदीप तिर्की, प्रभात कुमार महतो, गौतम राणा, दीनबंधु हांसदा, आकाश कुमार, पवन कुमार चौधरी, सैनिक समद, अमित कुमार पासवान और रोहित कुमार भी चयनित सूची में शामिल हैं।

इसके अलावा एएसआई लोहरा मुंडा और माधव लाल टोप्पो, हवलदार जालिंद्र साहू तथा आरक्षी ऋषि रंजन, शिव कुमार महतो, फिरदौस अंसारी, राजकुमार महतो और मंगल सिंह हेम्ब्रम को भी पदक से सम्मानित किया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि केंद्रीय गृह मंत्री दक्षता पदक पुलिस और सुरक्षा बलों के अधिकारियों एवं जवानों को विशेष अभियानों सहित निर्धारित क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन और पेशेवर दक्षता के लिए दिया जाता है। इस सम्मान का उद्देश्य चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में बेहतर कार्य करने वाले सुरक्षा कर्मियों के योगदान को पहचान देना और उनका उत्साह बढ़ाना है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.