After Header-1

राजपुर वार्ड को मिली विकास कार्यों की सौगात, 12 लाख से संवरेगा क्षेत्र

देहरादून। मसूरी विधानसभा क्षेत्र के राजपुर वार्ड स्थित चंद्रलोक बस्ती में विकास कार्यों को गति देते हुए कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने 12 लाख रुपये की लागत से होने वाले दो निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया। इन योजनाओं में तीन लाख रुपये की लागत से तटबंध के लिए सुरक्षा दीवार का निर्माण और नौ लाख रुपये की लागत से राधाकृष्ण मंदिर में टिन शेड का निर्माण शामिल है।

शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान मंत्री गणेश जोशी ने कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को दोनों निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि स्थानीय लोगों को योजनाओं का लाभ जल्द मिल सके। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य आम जनता को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना और उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करना है। सरकार विकास योजनाओं को केवल घोषणाओं तक सीमित नहीं रख रही, बल्कि उन्हें धरातल पर उतारने के लिए लगातार काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में विकास कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर जोर दिया जा रहा है। धामी सरकार जिन योजनाओं का शिलान्यास करती है, उन्हें निर्धारित समय में पूरा कर लोकार्पण भी सुनिश्चित करती है, ताकि जनता को उनका वास्तविक लाभ मिल सके।

मंत्री ने कहा कि क्षेत्रीय जरूरतों के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। चंद्रलोक बस्ती में सुरक्षा दीवार बनने से तटबंध की सुरक्षा मजबूत होगी, वहीं राधाकृष्ण मंदिर में टिन शेड बनने से श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को सुविधा मिलेगी।

कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष राजीव गुरुंग, पार्षद महिमा पुंडीर, समीर पुंडीर, सुधीर पुंडीर, मोहित अग्रवाल, अवनीश खत्री, अजीत सिंह, मोहित खरोला और विशाल गोयल सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.