प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल और प्रदेश कांग्रेस चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह की मौजूदगी में आयोजित कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि इंदिरा गांधी और सरदार पटेल का देश के इतिहास में महत्वपूर्ण स्थान है। दोनों नेताओं ने अपने नेतृत्व, दृढ़ इच्छाशक्ति और दूरदर्शिता से भारत को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाई।
इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि इंदिरा गांधी ने अपने साहसिक निर्णयों, दृढ़ नेतृत्व और दूरदर्शी सोच से भारत को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक सशक्त पहचान दिलाई। वहीं, सरदार वल्लभभाई पटेल ने अपनी अद्भुत नेतृत्व क्षमता और मजबूत इच्छाशक्ति के बल पर देशी रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत की नींव मजबूत की। उन्होंने कहा कि इन महान नेताओं के राष्ट्र के प्रति समर्पण और आदर्शों से प्रेरणा लेकर उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लेना चाहिए।
प्रदेश कांग्रेस चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि इंदिरा गांधी और सरदार पटेल का योगदान केवल भारतीय इतिहास तक सीमित नहीं है, बल्कि विश्व इतिहास में भी उनका विशेष स्थान है। इंदिरा गांधी ने अपने नेतृत्व से भारत की वैश्विक पहचान को मजबूत किया, जबकि सरदार पटेल ने देश की एकता और अखंडता को मजबूत आधार प्रदान किया।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में दोनों नेताओं के विचारों और आदर्शों को आत्मसात करने की आवश्यकता है। राष्ट्रीय एकता, आपसी भाईचारे और लोकतांत्रिक परंपराओं की रक्षा के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना चाहिए।
कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री संगठन राजेंद्र सिंह भंडारी, पूर्व विधायक राजकुमार, उपाध्यक्ष सुजाता पॉल, लालचंद, महामंत्री अश्विनी बहुगुणा, महानगर अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी, गरिमा मेहरा दसौनी सहित पार्टी के अनेक वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
