राजकीय पॉलीटेक्निक संस्थान, आमवाला में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने 963.45 लाख रुपये की लागत से बनने वाले एकेडमिक भवन का शिलान्यास किया। इसके अलावा आईआरडीटी में 488.52 लाख रुपये की लागत से निर्मित एडवांस ट्रेनिंग सेंटर के द्वितीय चरण और 328.27 लाख रुपये की लागत से तैयार ऑनलाइन प्लेसमेंट सेल का लोकार्पण किया।
डॉ. रावत ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में तकनीकी शिक्षा विभाग के अंतर्गत आधारभूत सुविधाओं के विकास, प्रयोगशालाओं के आधुनिकीकरण और मशीनों व उपकरणों की उपलब्धता के लिए करीब 600 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धा के दौर में तकनीकी संस्थानों को केवल पारंपरिक शिक्षा तक सीमित रखना उचित नहीं है। विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक, व्यावहारिक प्रशिक्षण और उद्योगों से जोड़ना जरूरी है।
उन्होंने विभागीय अधिकारियों को शिक्षकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों के रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया शीघ्र शुरू करने के निर्देश भी दिए। मंत्री ने कहा कि ऑनलाइन प्लेसमेंट सेल और एडवांस ट्रेनिंग सेंटर विद्यार्थियों को कौशल विकास के साथ रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने में सहायक होंगे।
तकनीकी शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. रंजीत कुमार सिन्हा ने कहा कि पॉलीटेक्निक संस्थानों में उद्योगों की मांग के अनुसार नए पाठ्यक्रम शुरू किए जा रहे हैं। वहीं, निदेशक प्राविधिक शिक्षा देशराज ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक प्रशिक्षण और रोजगार से जुड़ाव को तकनीकी शिक्षा के प्रमुख आधार बताया।
कार्यक्रम में अधिकारियों, कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं को नशामुक्त उत्तराखंड बनाने की शपथ भी दिलाई गई।
