After Header-1

उत्तराखंड के 8 लाख से अधिक किसानों के खाते में पहुंचे 161.96 करोड़ रुपये, जानिए किसे मिला लाभ

देहरादून। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त के तहत उत्तराखण्ड के 8 लाख 08 हजार से अधिक किसानों के बैंक खातों में 161.96 करोड़ रुपये की धनराशि हस्तांतरित की गई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को सर्वे ऑडिटोरियम, हाथीबड़कला में आयोजित ‘पीएम-किसान उत्सव दिवस’ कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के बनासकांठा से देशभर के किसानों के खातों में सम्मान निधि की राशि डीबीटी के माध्यम से जारी की।

प्रधानमंत्री ने देश के 9.34 करोड़ से अधिक किसानों के बैंक खातों में कुल 18 हजार 690 करोड़ रुपये हस्तांतरित किए। इसमें उत्तराखण्ड के किसानों को भी योजना का लाभ मिला। मुख्यमंत्री धामी ने प्रदेश के सभी लाभार्थी किसानों को बधाई देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान का आभार व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना किसानों को आर्थिक मजबूती देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हुई है। वर्ष 2019 में जब इस योजना की पहली किस्त जारी की गई थी, तब उत्तराखण्ड के करीब चार लाख किसान इसके लाभार्थी थे। वर्तमान में प्रदेश में लाभार्थियों की संख्या बढ़कर आठ लाख से अधिक हो गई है। यह योजना किसानों को खेती-किसानी से जुड़ी आवश्यकताओं को पूरा करने में आर्थिक सहायता उपलब्ध करा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की सीमाओं की सुरक्षा में जवानों का योगदान जितना महत्वपूर्ण है, उतनी ही अहम भूमिका खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने में किसानों की है। किसान अपनी मेहनत और समर्पण से देश के लिए अन्न पैदा करने के साथ ही अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में भी योगदान देते हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार किसानों के सम्मान, सुरक्षा और समृद्धि के लिए लगातार काम कर रही है। किसान कल्याण से जुड़ी विभिन्न योजनाओं के माध्यम से कृषि क्षेत्र को मजबूती देने और किसानों की आर्थिक स्थिति बेहतर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.