दोनों टीमों ने शुरुआत से ही आक्रामक और संतुलित खेल का प्रदर्शन किया। पहले हाफ में दोनों ओर से गोल करने के कई प्रयास हुए, लेकिन किसी भी टीम को सफलता नहीं मिली। मध्यांतर के बाद भी मुकाबला काफी संघर्षपूर्ण रहा। खेल के 61वें मिनट में दून स्टार्स के फॉरवर्ड खिलाड़ी ध्रुव ने विपक्षी टीम के डी में मिले पास को गोल में बदलकर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। मैच के अंत तक यह बढ़त कायम रही और दून स्टार्स ने अंतिम मुकाबला अपने नाम किया।
हालांकि, पूरे लीग चरण में सर्वाधिक अंक अर्जित करने के आधार पर दून चैलेंजर्स एफसी को प्रतियोगिता का विजेता घोषित किया गया।
प्रतियोगिता में व्यक्तिगत प्रदर्शन के लिए भी खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। अमन रावत को बेस्ट स्ट्राइकर, सूरज सिंह नेगी को बेस्ट डिफेंडर और शिवम पंत को बेस्ट मिडफील्डर चुना गया।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि हरिद्वार सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने विजेता टीम और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरित किए। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेलों को युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि पूर्व मेयर सुनील उनियाल गामा, डॉ. एससी नेगी, राज्य फुटबॉल संघ के उपाध्यक्ष देवेंद्र बिष्ट, एसोसिएशन के सचिव राजेंद्र सिंह रावत, कोषाध्यक्ष राहुल रावत सहित सतीश कुलाश्री, प्रवीण फरासी, अरुण कुमार सूद, रमेश राणा और डीएस बिष्ट समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
