महेंद्र भट्ट ने कहा कि मातृशक्ति के अपमान और उत्पीड़न से जुड़े मामलों की लंबी सूची जनता के सामने है। ऐसे में कांग्रेस नेताओं की ओर से महिला सुरक्षा को लेकर दिए जा रहे बयान उस छन्नी की तरह हैं, जिसमें खुद हजारों छेद हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस इस संवेदनशील विषय पर राजनीतिक बयानबाजी कर रही है, जबकि उसका अपना रिकॉर्ड सवालों के घेरे में रहा है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार महिला अपराधों से जुड़े मामलों को पूरी संवेदनशीलता और गंभीरता से लेती है। ऐसे मामलों में शिकायत मिलने पर त्वरित और कठोर कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि महिला सुरक्षा और सम्मान सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल हैं और किसी भी प्रकार के उत्पीड़न को गंभीरता से लिया जाता है।
उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह महिला सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषय को राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल कर रही है। भट्ट ने कहा कि मातृशक्ति के सम्मान और सुरक्षा के मुद्दे पर राजनीति करने के बजाय सभी राजनीतिक दलों को अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने महिला उत्पीड़न के मुद्दे पर कांग्रेस के आरोपों को खारिज करते हुए पार्टी के रुख का बचाव किया। उनका कहना है कि भाजपा सरकार महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
