बदरीनाथ पहुंचे सीएम धामी, पूजा के बाद मास्टर प्लान की परखी रफ्तार

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को श्री बदरीनाथ धाम पहुंचकर भगवान बदरीविशाल के दर्शन किए और विधिवत पूजा-अर्चना की। उन्होंने प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। पूजा के बाद मुख्यमंत्री ने बदरीनाथ मास्टर प्लान के तहत चल रहे निर्माण एवं विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण भी किया।

मुख्यमंत्री ने आस्था पथ समेत विभिन्न निर्माणाधीन कार्यों का जायजा लिया और अधिकारियों से उनकी प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण तरीके से और तय समयसीमा में पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता दी जाए। साथ ही बदरीनाथ धाम की धार्मिक, आध्यात्मिक और पारंपरिक गरिमा का भी विशेष ध्यान रखा जाए।

इसके बाद मुख्यमंत्री ने श्री स्वामीनारायण गुरुकुल राजकोट संस्थान के तत्वावधान में आयोजित ‘बदरीनाथ धाम कथा महोत्सव’ में हिस्सा लिया। महोत्सव में देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए 150 से अधिक संत-साध्वी और 1200 से अधिक हरिभक्त शामिल हुए। कार्यक्रम में संस्थान के पूज्यपाद महंत स्वामी देवप्रसाददास जी स्वामी, पूज्यपाद सद्गुरुवर्य धर्मवल्लभदास जी स्वामी समेत बड़ी संख्या में संत और श्रद्धालु मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बदरीनाथ धाम की यात्रा उनके लिए विशेष आध्यात्मिक अनुभूति है। उन्होंने कहा कि यह धाम भारत की सनातन चेतना और आध्यात्मिक विरासत का महत्वपूर्ण केंद्र है। सदियों से यह क्षेत्र तप, साधना और आध्यात्मिक चेतना का केंद्र रहा है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के प्रमुख तीर्थस्थलों में श्रद्धालुओं की सुविधाओं के विस्तार के साथ धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को बनाए रखने पर भी ध्यान दिया जा रहा है। चारधाम, गंगा-यमुना, हिमालय और हेमकुंड साहिब समेत धार्मिक स्थलों को राज्य की विशिष्ट पहचान बताते हुए उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में इनकी आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक गरिमा को अक्षुण्ण रखा जाना जरूरी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि संत समाज का मार्गदर्शन समाज और राष्ट्र के लिए प्रेरणादायी है। ऐसे आध्यात्मिक आयोजनों से नई पीढ़ी को परंपराओं, संस्कृति और जीवन मूल्यों से जोड़ने में मदद मिलती है। उन्होंने कथा महोत्सव में शामिल संतों और श्रद्धालुओं का आभार जताया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.