After Header-1

नंदा राजजात के प्रमुख पड़ाव वाण में बनेगी आधुनिक पार्किंग, 84 वाहन होंगे खड़े

देहरादून। उत्तराखंड के धार्मिक और पर्यटन स्थलों पर सुविधाओं के विस्तार की दिशा में सरकार ने एक और पहल की है। चमोली जिले के प्रसिद्ध ग्राम वाण में पर्यटकों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आधुनिक सतही पार्किंग विकसित की जाएगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशों के तहत प्रस्तावित इस परियोजना पर करीब 1 करोड़ 36 लाख 36 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे।

आवास सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार के अनुसार, पार्किंग का निर्माण लगभग 2,300 वर्गमीटर क्षेत्रफल में किया जाएगा। इसमें एक साथ 84 वाहनों को खड़ा करने की सुविधा होगी। समुद्र तल से करीब 2,400 मीटर की ऊंचाई पर स्थित वाण में निर्माणाधीन हेलीपैड के समीप यह पार्किंग विकसित की जाएगी।

नंदा राजजात यात्रा का प्रमुख पड़ाव है वाण

ग्राम वाण धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन की दृष्टि से विशेष महत्व रखता है। यह विश्वप्रसिद्ध नंदा राजजात यात्रा का प्रमुख पड़ाव होने के साथ ही मोटर मार्ग का अंतिम गांव भी है। यहां स्थित प्रसिद्ध लाटू देवता मंदिर में वर्षभर श्रद्धालुओं का आवागमन बना रहता है। नंदा राजजात यात्रा के दौरान भी यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं।

रूपकुंड और बेदनी बुग्याल जाने वालों को मिलेगी सुविधा

वाण साहसिक पर्यटन के लिहाज से भी महत्वपूर्ण है। प्रसिद्ध रूपकुंड और बेदनी बुग्याल ट्रेक पर जाने वाले पर्यटकों और ट्रेकर्स के लिए यह प्रमुख बेस कैंप है। देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक यहां पहुंचते हैं। ऐसे में पार्किंग की बेहतर व्यवस्था होने से उन्हें काफी राहत मिलेगी।

सड़क किनारे पार्किंग की समस्या होगी दूर

अभी पर्यटकों की बढ़ती आवाजाही के कारण सड़क किनारे अव्यवस्थित तरीके से वाहन खड़े होने की समस्या सामने आती है। 84 वाहनों की क्षमता वाली पार्किंग बनने से यातायात व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद है। परियोजना में शौचालय ब्लॉक का निर्माण भी प्रस्तावित है, जिससे महिलाओं, बुजुर्गों और परिवार के साथ आने वाले पर्यटकों को सुविधा मिलेगी।

आवास सचिव के अनुसार, इस परियोजना से वाण में पर्यटन सुविधाओं का विस्तार होगा। साथ ही स्थानीय पर्यटन गतिविधियों, रोजगार और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा मिलने की संभावना है।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.