बदरीनाथ में गूंजा देवभूमि का लोक रंग, धामी बोले- जड़ों से जुड़ना जरूरी

बदरीनाथ। श्री बदरीनाथ धाम के टूरिस्ट अराइवल प्लाजा में भारतीय सेना और जिला प्रशासन चमोली के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय देवभूमि कल्चरल फेस्टिवल-2026 का रविवार को समापन हुआ। ऑपरेशन सद्भावना के तहत आयोजित इस महोत्सव की थीम ‘हमारी विरासत, हमारा भविष्य’ रखी गई थी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर विभिन्न सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं के विजेता और उपविजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की लोक संस्कृति ही देवभूमि की विशिष्ट पहचान है। लोक नृत्य, लोकगीत, पारंपरिक रीति-रिवाज और लोक परंपराएं प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को समृद्ध बनाती हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी अपनी भाषा, संस्कृति और जड़ों से जुड़ती है। साथ ही सीमांत क्षेत्रों के युवाओं में भारतीय सेना के प्रति रुचि और सेवा भावना को बढ़ावा मिलता है।

धामी ने कहा कि लोक भाषाओं, पारंपरिक वेशभूषा, मेलों और पर्वों के संरक्षण की जिम्मेदारी केवल किसी एक संस्था की नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने महोत्सव परिसर में स्थानीय उत्पादों, महिला स्वयं सहायता समूहों, हस्तशिल्प और पारंपरिक व्यंजनों के स्टॉलों का भी निरीक्षण किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थानीय उत्पादों को पर्यटन से जोड़ने से सीमांत क्षेत्रों में रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर विकसित किए जा सकते हैं। उन्होंने भारतीय सेना की सैन्य प्रदर्शनी का अवलोकन कर अत्याधुनिक हथियारों और उपकरणों की जानकारी भी ली।

धामी ने कहा कि राज्य सरकार ‘विकास भी, विरासत भी’ के मंत्र के साथ आगे बढ़ रही है। वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के माध्यम से सीमांत क्षेत्रों में सड़क, बिजली, दूरसंचार, पर्यटन और आजीविका से जुड़ी सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है। माणा, नीति और जादुंग जैसे क्षेत्रों में स्थानीय स्तर पर रोजगार बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि मिलेट मिशन, एप्पल मिशन, होम स्टे, कृषि, बागवानी, पशुपालन, मधुमक्खी पालन, शीतकालीन और साहसिक पर्यटन जैसी पहलें ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति दे रही हैं। मुख्यमंत्री के अनुसार प्रदेश में 3.10 लाख महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। उन्होंने महोत्सव को सेना और सीमांत क्षेत्र के नागरिकों के बीच सहयोग और समन्वय मजबूत करने वाला महत्वपूर्ण आयोजन बताया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.