काशीपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को काशीपुर में आयोजित युवा विद्यार्थी संवाद कार्यक्रम में 17 विद्यालयों के 1400 से अधिक छात्र-छात्राओं से संवाद किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने शिक्षा, रोजगार, अग्निवीर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर अपराध और उत्तराखंड के विकास से जुड़े सवाल पूछे। मुख्यमंत्री ने युवाओं के सुझाव सुने और विकसित उत्तराखंड तथा विकसित भारत के निर्माण में उनकी भूमिका पर चर्चा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड छोटा राज्य जरूर है, लेकिन यहां के युवाओं के सपने बड़े हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि युवाओं को शिक्षा, कौशल और रोजगार के बेहतर अवसर राज्य में ही मिलें, ताकि उन्हें अवसरों की तलाश में अपना घर और पहाड़ छोड़ने की मजबूरी न हो। उन्होंने युवाओं से नौकरी तलाशने के साथ रोजगार देने वाला बनने और स्टार्टअप व नवाचार से जुड़ने का आह्वान किया।
धामी ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में वर्चुअल क्लासरूम नेटवर्क का विस्तार किया जा रहा है। प्रदेश में 189 अटल उत्कृष्ट विद्यालय संचालित हैं और सरकारी स्कूलों में एनसीईआरटी आधारित पाठ्यक्रम लागू किया गया है। छात्राओं को नंदा गौरा योजना के माध्यम से आर्थिक सहायता भी दी जा रही है।
विज्ञान और तकनीक को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरादून में देश की पांचवीं सबसे बड़ी साइंस सिटी विकसित की जा रही है। इसके अलावा हर जिले में टेक्नोलॉजी सेंटर खोलने की बात कही गई। प्रदेश में STEM लैब, साइंस एवं इनोवेशन गतिविधियों और बाल विज्ञान कार्यक्रमों के जरिए विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच और व्यावहारिक सीख को बढ़ावा देने पर जोर दिया जा रहा है।
विद्यार्थियों के सवालों के जवाब में मुख्यमंत्री ने बताया कि युवाओं के लिए युवा आयोग रोजगार के अवसरों और सरकारी सेवाओं से जुड़ने में मदद करेगा। वहीं अग्निवीरों के भविष्य को लेकर अग्निवीर सेल गठित करने की जानकारी दी। उन्होंने एआई को चुनौती के साथ अवसर बताते हुए युवाओं से नई तकनीक के अनुरूप खुद को तैयार करने को कहा।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से मेहनत, पढ़ाई और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने तथा नशे से दूर रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार रोजगार, उद्योग, खेल और कौशल विकास के नए अवसर तैयार करने पर काम कर रही है। संवाद कार्यक्रम में युवाओं की ओर से पूछे गए सवालों के जरिए शिक्षा और रोजगार से लेकर तकनीक तक कई मुद्दे सामने आए।