उत्तरकाशी। उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में गुरुवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। भटवाड़ी तहसील के गंगनानी के पास गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक इनोवा कार अनियंत्रित होकर भागीरथी नदी में जा गिरी। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद दो महिलाएं लापता हैं, जिनकी तलाश में पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें जुटी हुई हैं।
जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार, हादसा गुरुवार सुबह करीब सात बजे हुआ। कार में चालक समेत सात लोग सवार थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ, 108 एंबुलेंस, मेडिकल टीम और राजस्व विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। बचाव दल ने नदी से एक घायल को बाहर निकालकर सड़क तक पहुंचाया। उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हेलीकॉप्टर से हायर सेंटर रेफर करने की व्यवस्था की जा रही है।
प्रशासन के मुताबिक, हादसे में जान गंवाने वालों में दो महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं। मृतकों की पहचान गुजरात के सूरत निवासी अशोकबेन पटेल (49), संगीताबेन पटेल (39), धनश्यामभाई सरवैया (32) और कार चालक सुरेंद्र सिंह (28) के रूप में हुई है।
वहीं, हादसे में घायल किशोर की पहचान वेदांत अशोकभाई पटेल (17) के रूप में हुई है। दुर्घटना के बाद लापता हुई दो महिलाओं की पहचान सुधाबेन अशोकभाई पटेल (45) और किरणबेन विशालभाई पटेल (34) के रूप में की गई है।
घटना के बाद जिला प्रशासन ने राहत एवं बचाव अभियान तेज कर दिया है। पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें भागीरथी नदी में लापता महिलाओं की तलाश कर रही हैं। नदी का तेज बहाव और दुर्गम परिस्थितियां बचाव अभियान में चुनौती बनी हुई हैं। प्रशासन की ओर से घटनास्थल पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

