देहरादून। सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रदेशभर में ‘सेवा सेतु, सरकार आपके द्वार’ शिविर आयोजित किए जाएंगे। शनिवार को सचिवालय में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की गई। बताया गया कि 25 सितंबर से 7 अक्टूबर 2026 तक सभी जिलों के ब्लॉक और तहसील स्तर पर शिविर लगाए जाएंगे।
बैठक में कैबिनेट मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविरों के माध्यम से आमजन को केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के साथ पात्र लोगों को मौके पर ही योजनाओं से जोड़ने की व्यवस्था की जाए। इसके लिए विभिन्न विभागों के स्टॉल और प्रदर्शनी लगाए जाएंगे। शिविरों में पात्र लाभार्थियों का चयन करने के साथ आवेदन पत्र भरने की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
उन्होंने स्वास्थ्य और बहुउद्देशीय शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। विशेषज्ञ चिकित्सकों की मौजूदगी में मेडिकल कैंप लगाए जाएंगे, ताकि ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके। इसके अलावा ट्री प्रोटेक्शन एक्ट और मानव-वन्यजीव संघर्ष जैसे विषयों पर लोगों को जागरूक करने के लिए भी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
कैबिनेट मंत्री ने सभी जिलाधिकारियों को शिविरों की तिथि, स्थल, नोडल अधिकारी, संबंधित योजनाओं और विभागीय उपलब्धियों की विस्तृत कार्ययोजना उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि पूर्व में आयोजित ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रमों से अलग स्थानों पर शिविर लगाए जाएं, जिससे अधिक से अधिक लोगों तक सरकारी योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित हो सके। कार्यक्रम के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए होर्डिंग और बैनर लगाने के निर्देश भी दिए गए।
राज्य आपदा प्रबंधन के उपाध्यक्ष डॉ. विनय रोहिला ने बताया कि ‘सेवा सेतु’ अभियान 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक चलेगा। प्रत्येक तहसील और ब्लॉक स्तर पर शिविर लगाए जाएंगे और हर शिविर कम से कम तीन दिन तक संचालित होगा। कार्यक्रमों की रिपोर्टिंग भी की जाएगी।
महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी ने बताया कि शिविरों में विभिन्न विभागों के स्टॉल के साथ योजनाओं के लाभार्थियों की सफलता की कहानियां भी प्रस्तुत की जाएंगी। पात्र लोगों को मौके पर योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया को भी आगे बढ़ाया जाएगा।