पुणे में आधी रात को दर्दनाक हादसा, कंटेनर ने कई वाहनों को रौंदा

मुंबई, 19 सितंबर। महाराष्ट्र के पुणे जिले में मुंबई-बैंगलोर हाईवे पर शुक्रवार देर रात बड़ा सड़क हादसा हो गया। नवले ब्रिज के पास ब्रेक फेल होने के बाद तेज रफ्तार कंटेनर अनियंत्रित हो गया और उसने कई वाहनों को टक्कर मार दी। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

पुलिस के अनुसार घटना शुक्रवार रात करीब एक बजे की है। सातारा से मुंबई की ओर जा रहा कंटेनर पुणे के भुमकर ब्रिज के पास पहुंचा था। इसी दौरान अचानक कंटेनर के ब्रेक फेल हो गए। चालक के नियंत्रण खोने के बाद कंटेनर तेज रफ्तार में आगे बढ़ता चला गया और उसने सड़क पर चल रही तीन से चार अन्य गाड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि कई वाहनों को नुकसान पहुंचा। हादसे में दो लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में जुट गए। कुछ ही देर में पुलिस और एंबुलेंस की टीमें भी घटनास्थल पर पहुंच गईं।

पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों से लोगों को बाहर निकाला गया। मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की गई। घायलों को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल भेजा गया।

हादसे के बाद मुंबई-बैंगलोर हाईवे पर यातायात प्रभावित हो गया। आधी रात के समय हुई दुर्घटना के कारण सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और कुछ समय के लिए जाम की स्थिति बन गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात को व्यवस्थित कराया और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाने का काम शुरू किया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों की पुष्टि की जा रही है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.