नवा रायपुर ओपन में खलिन जोशी का जलवा, एक शॉट से जीता खिताब

रायपुर, 18 सितंबर। बेंगलुरु के 34 वर्षीय गोल्फर खलिन एच. जोशी ने नवा रायपुर ओपन 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया। फेयरवे गोल्फ एंड लेक रिजॉर्ट में आयोजित एक करोड़ रुपये पुरस्कार राशि वाले एसईसीएल प्रेजेंट्स डीपी वर्ल्ड नवा रायपुर ओपन में जोशी ने अंतिम दौर में बोगी-मुक्त तीन-अंडर 31 का स्कोर बनाया और एक शॉट के अंतर से जीत दर्ज की। उन्होंने चार राउंड में कुल 13-अंडर 123 का स्कोर किया।

अंतिम दौर में एक शॉट की बढ़त के साथ उतरे जोशी ने तीसरे से पांचवें होल तक लगातार तीन बर्डी लगाईं। यह मौजूदा सत्र में उनकी तीसरी जीत है। इससे पहले उन्होंने अप्रैल में आंध्र ओपन और अगस्त में जम्मू-कश्मीर ओपन का खिताब जीता था। डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई में यह उनकी कुल नौवीं जीत है।

पुरस्कार वितरण समारोह में उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने विजेता खलिन जोशी सहित अन्य उत्कृष्ट खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए। उन्होंने कहा कि नवा रायपुर का फेयरवे गोल्फ एंड कंट्री क्लब छत्तीसगढ़ में विश्वस्तरीय खेल सुविधाओं और गोल्फ के बढ़ते आकर्षण की पहचान बन रहा है। साव ने कहा कि बड़े स्तर की प्रतियोगिताओं से प्रदेश के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के साथ प्रतिस्पर्धा का अनुभव मिलता है।

चौहान, कुकर और पटेल संयुक्त उपविजेता

महू के ओम प्रकाश चौहान, पंचकुला के रौनिल कुकर और अहमदाबाद के अंशुल पटेल ने 12-अंडर 124 के स्कोर के साथ संयुक्त रूप से दूसरा स्थान हासिल किया। तीनों को 6,99,867 रुपये की पुरस्कार राशि मिली। कोलकाता के दिव्यांशु बजाज, दिल्ली के प्रितिश सिंह करायत और चंडीगढ़ के अंगद चीमा 11-अंडर 125 के स्कोर के साथ संयुक्त पांचवें स्थान पर रहे।

जोशी ने अपनी सफलता का श्रेय बढ़े हुए आत्मविश्वास और वर्तमान खेल पर ध्यान केंद्रित करने को दिया। नवा रायपुर की जीत से दिल्ली गोल्फ क्लब में होने वाली डीपी वर्ल्ड इंडिया चैंपियनशिप से पहले उनकी स्थिति भी मजबूत हुई है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.