इंदौर में आज राहुल गांधी, छात्रों से सीधा संवाद

इंदौर, 19 सितंबर। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शनिवार को मध्य प्रदेश के इंदौर में कांग्रेस के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में विद्यार्थियों और युवाओं से संवाद करेंगे। कार्यक्रम में शिक्षा, रोजगार, पेपर लीक, प्रतियोगी परीक्षाओं और परीक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर विद्यार्थियों की बात सुनी जाएगी। इंदौर में आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम ‘छात्रों की गूंज’ अभियान का पांचवां आयोजन है। इससे पहले कोटा, देहरादून, प्रयागराज और पुणे में कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं।

कार्यक्रम की जानकारी के अनुसार राहुल गांधी दोपहर करीब 1:30 बजे इंदौर पहुंचेंगे। एयरपोर्ट से वह रेडिसन होटल जाएंगे। इसके बाद शाम को रीजनल पार्क के सामने स्थित मैदान में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। यहां वे विद्यार्थियों और युवाओं से सीधे संवाद करेंगे। कार्यक्रम के बाद राहुल गांधी रात करीब नौ बजे इंदौर से दिल्ली के लिए रवाना होंगे।

‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में युवाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाना है। कांग्रेस के अनुसार कार्यक्रम के लिए करीब दो लाख लोगों ने पंजीकरण कराया है। वहीं, प्रशासन को कार्यक्रम में लगभग 15 हजार विद्यार्थियों के शामिल होने की जानकारी दी गई है। कार्यक्रम के आयोजन को प्रशासन की ओर से 31 शर्तों के साथ अनुमति दी गई है।

बड़ी संख्या में विद्यार्थियों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, पार्किंग और यातायात व्यवस्था के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। यातायात पुलिस ने कार्यक्रम को लेकर डायवर्जन प्लान भी जारी किया है। यह व्यवस्था शनिवार दोपहर एक बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक लागू रहेगी।

प्रशासन के मुताबिक यातायात के दबाव और परिस्थितियों को देखते हुए डायवर्जन व्यवस्था में आवश्यकता के अनुसार बदलाव किया जा सकता है। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों की ओर से शिक्षा और रोजगार से जुड़े सवाल उठाए जाने की संभावना है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.