गोपाल कांडा के ठिकानों पर ED की दस्तक, 248 करोड़ की जांच

नई दिल्ली। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गुरुवार को हरियाणा के पूर्व मंत्री और कारोबारी गोपाल कांडा से जुड़े गुरुग्राम स्थित तीन ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया। कार्रवाई उनके आवास, फार्महाउस और कार्यालय में की गई। यह जांच गुरुग्राम की रियल एस्टेट कंपनी वाटिका लिमिटेड से जुड़े कथित वित्तीय अनियमितता और धन के लेन-देन से संबंधित है।

ईडी के अनुसार, जांच के दायरे में आए कंपनी के चार प्रोजेक्ट्स में 661 निवेशकों से करीब 248.46 करोड़ रुपये जुटाए गए थे। निवेशकों को व्यावसायिक परियोजनाओं में समय पर कब्जा, सुनिश्चित रिटर्न, लीज रेंटल और सेल डीड पूरी करने का भरोसा दिए जाने की बात सामने आई है। एजेंसी का कहना है कि अब तक निवेशकों को न तो परियोजनाओं का कब्जा दिया गया और न ही वादे के मुताबिक सेल डीड पूरी की गई।

जांच एजेंसी वित्तीय लेन-देन की कड़ियों और कथित तौर पर निवेशकों की रकम को दूसरी कंपनियों में स्थानांतरित किए जाने की पड़ताल कर रही है। अधिकारियों के मुताबिक, जांच में ऐसे फंड ट्रांसफर का पता चला है, जिनका संबंध कांडा से जुड़ी विभिन्न कंपनियों से होने का संदेह है। तलाशी की कार्रवाई धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) की धारा 17 के तहत की गई।

गोपाल कांडा पहले भी ईडी की कार्रवाई का सामना कर चुके हैं। इससे पहले अगस्त 2023 में उनकी संपत्तियों और कार्यालयों पर जांच एजेंसी ने लंबी तलाशी ली थी। मौजूदा कार्रवाई के दौरान ईडी अधिकारियों ने रियल एस्टेट मामले से जुड़े दस्तावेजों और वित्तीय लेन-देन से संबंधित रिकॉर्ड की जांच की।

राजनीतिक तौर पर भी कांडा सिरसा से जुड़े रहे हैं। 2024 के हरियाणा विधानसभा चुनाव में सिरसा सीट से कांग्रेस के गोकुल सेतिया ने उन्हें 7,234 मतों से हराया था। चुनाव परिणामों के अनुसार सेतिया को 79,020 और कांडा को 71,786 वोट मिले थे।

ईडी की मौजूदा कार्रवाई में एजेंसी का फोकस निवेशकों की रकम के कथित डायवर्जन और उससे जुड़े वित्तीय नेटवर्क का पता लगाने पर है। मामले में आगे की जांच जारी है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.