500 बाइकर्स निकले काशी से वडनगर, हर पड़ाव पर होगा सेवा अभियान

वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन और सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर गुरुवार को वाराणसी से ‘सेवा संकल्प बाइक यात्रा’ की शुरुआत हुई। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सिगरा स्थित रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर से 250 बाइकों पर सवार 500 युवाओं को हरी झंडी दिखाकर वडनगर के लिए रवाना किया।

17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक चलने वाली यह यात्रा काशी और वडनगर को जोड़ते हुए 20 अलग-अलग मार्गों से गुजरेगी। यात्रा 10 राज्यों के 193 जिलों, 773 तहसीलों और 1,159 गांवों तक पहुंचेगी। इसी तरह वडनगर से वाराणसी की ओर भी बाइकर्स यात्रा करेंगे। यात्रा के दौरान प्रत्येक पड़ाव पर करीब 25 प्रकार की सेवा गतिविधियां आयोजित करने की योजना है।

भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं वडोदरा सांसद डॉ. हेमांग जोशी ने कहा कि यह केवल बाइक यात्रा नहीं, बल्कि युवाओं को सेवा, समाज और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का प्रयास है। तमिलनाडु, असम, पश्चिम बंगाल, जम्मू-कश्मीर, गुजरात, बिहार और पूर्वोत्तर सहित विभिन्न राज्यों के युवा इसमें भाग ले रहे हैं।

यात्रा के दौरान वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान, नशामुक्ति, टीबी मुक्त भारत अभियान, जल संरक्षण, प्लास्टिक मुक्त जागरूकता, साधु-संतों और सफाई कर्मचारियों का सम्मान जैसी गतिविधियां होंगी। यात्रा के पड़ाव पर पहुंचने से दो दिन पहले स्थानीय कार्यकर्ता स्वच्छता अभियान चलाएंगे। इसके लिए ‘स्वच्छता से स्वागत’ पहल शुरू की गई है।

अभियान के तहत देश की विभिन्न नदियों और संगमों का जल भी एकत्र किया गया है। काशी से ले जाया जा रहा यह जल वडनगर स्थित हाटकेश्वर महादेव मंदिर में अर्पित किया जाएगा। वहीं वडनगर से वाराणसी आने वाले यात्री विभिन्न नदियों का जल लेकर काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचेंगे।

यात्रा में झारखंड, कानपुर समेत कई राज्यों के युवा शामिल हैं। आयोजकों के अनुसार इसका उद्देश्य युवाओं की भागीदारी के जरिए सेवा, स्वच्छता और सामाजिक जागरूकता से जुड़ी गतिविधियों को विभिन्न क्षेत्रों तक पहुंचाना है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.