मुंबई, महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में दही हांडी उत्सव को लेकर रविवार को जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। शहर के अलग-अलग इलाकों में गोविंदा पथक ढोल-नगाड़ों और जयकारों के बीच मानव पिरामिड बनाकर दही हांडी फोड़ने के लिए मैदान में उतरे। भक्ति, रोमांच और प्रतियोगिता से भरे इस पर्व ने पूरे शहर को उत्सव के रंग में रंग दिया।
इस बार दही हांडी उत्सव में महिला गोविंदाओं ने भी अपनी प्रतिभा और साहस से खास छाप छोड़ी। मुंबई के दादर इलाके से सामने आया एक वीडियो और तस्वीरें लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गईं। यहां एक महिला गोविंदा पथक ने करीब 50 फीट की ऊंचाई पर लटकी दही हांडी को महज पांच स्तर की मानव पिरामिड संरचना बनाकर फोड़ दिया। महिला गोविंदाओं के शानदार तालमेल, संतुलन और आत्मविश्वास ने मौके पर मौजूद लोगों को रोमांचित कर दिया। हांडी टूटते ही पूरा इलाका ‘गोविंदा रे गोपाला’ के जयकारों से गूंज उठा।
दही हांडी का उत्साह इस बार बड़े इनामों ने भी कई गुना बढ़ा दिया है। मुंबई और आसपास के क्षेत्रों में आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में लाखों रुपये के पुरस्कार घोषित किए गए हैं। बोरीवली ईस्ट के मागाठाणे दही हांडी आयोजन में विजेता गोविंदा पथक के लिए 85 लाख रुपये का पुरस्कार रखा गया है। वहीं, ठाणे के स्वामी प्रतिष्ठान दही हांडी में विजेता को 71 लाख रुपये दिए जाएंगे। घाटकोपर में मनसे की भव्य दही हांडी प्रतियोगिता में विजेता के लिए 51 लाख रुपये के इनाम की घोषणा की गई है।
इन भारी-भरकम पुरस्कारों के चलते अलग-अलग गोविंदा पथकों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिल रही है। हालांकि दही हांडी सिर्फ पुरस्कार जीतने की प्रतियोगिता नहीं है, बल्कि यह मुंबई की सामाजिक एकजुटता, परंपरा और उत्साह का प्रतीक भी है। हर साल की तरह इस बार भी शहर की सड़कों पर उमंग, संगीत और रोमांच का माहौल बना हुआ है।