एकेश्वर में जनता की समस्याओं पर महाराज का एक्शन, मौके पर ही दिए समाधान के निर्देश

एकेश्वर (पौड़ी)। चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र के विकासखंड एकेश्वर (पणखेत) स्थित ब्लॉक सभागार में श्रम विभाग की ओर से आयोजित श्रमिक पंजीकरण एवं नवीनीकरण शिविर में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रीय जनता को संबोधित करने के साथ उनकी समस्याएं भी सुनीं। जन समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि इस तरह के शिविरों का उद्देश्य सरकारी योजनाओं और सुविधाओं को सीधे जनता तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि श्रमिक प्रदेश और देश के विकास की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। निर्माण कार्य, सड़क, भवन, उद्योग सहित विभिन्न क्षेत्रों में श्रमिकों के योगदान के बिना विकास की कल्पना नहीं की जा सकती।

महाराज ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि श्रमिकों को उनके अधिकारों और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सरल, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से मिले। इसके लिए श्रमिकों का पंजीकरण और समय पर नवीनीकरण बेहद जरूरी है। पंजीकृत श्रमिकों और उनके परिवारों को शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा सहित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में सुविधा होती है।

उन्होंने श्रमिकों से अपील की कि वे अपना पंजीकरण समय पर कराएं और जिन श्रमिकों का पंजीकरण पहले से है, वे उसका नवीनीकरण अवश्य कराएं। उन्होंने कहा कि शिविरों के माध्यम से श्रमिकों को विभागीय कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिलती है और सुविधाएं उनके नजदीक पहुंचती हैं।

महाराज ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में आने वाले श्रमिकों को पंजीकरण एवं नवीनीकरण की प्रक्रिया की जानकारी सरल भाषा में दी जाए। पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ समय पर मिले और किसी को अनावश्यक परेशानी न हो, यह सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए कार्य कर रही है। श्रमिकों का सम्मान, सुरक्षा और कल्याण सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष राकेश नैथानी, विधायक प्रतिनिधि देवेंद्र भट्ट, जिला महामंत्री महिपाल नेगी, वरिष्ठ भाजपा नेता वेद प्रकाश वर्मा, प्रभारी बृजमोहन रावत, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सुयश रावत, एसडीएम रेखा आर्य, खंड विकास अधिकारी सौरभ हांडा सहित स्वास्थ्य, पर्यटन, कृषि, सिंचाई, लघु सिंचाई, पेयजल, चिकित्सा, ऊर्जा और बाल विकास विभाग के अधिकारी एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.