जातिवादी राजनीति पर तीरथ का कांग्रेस पर हमला, बोले- देवभूमि की छवि खराब करने की कोशिश

देहरादून। भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने प्रदेश कांग्रेस पर जातिवादी राजनीति को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की सामाजिक समरसता और सौहार्द की परंपरा को प्रभावित करने की कोशिश देवभूमिवासियों के साथ विश्वासघात के समान है।

तीरथ सिंह रावत ने जारी बयान में कहा कि प्रदेश कांग्रेस के नेता राहुल गांधी को सही साबित करने के प्रयास में उत्तराखंड को गलत और झूठा साबित करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले कुछ सप्ताह से राज्य के माहौल को जातिगत रंग देने का प्रयास किया जा रहा है, जो उत्तराखंड के मूल स्वभाव के विपरीत है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कांग्रेस नेताओं से सवाल किया कि क्या सत्ता हासिल करना उनके लिए देवभूमि की सामाजिक एकता और समरसता से अधिक महत्वपूर्ण हो गया है। उन्होंने कहा कि जिस कथित प्रकरण को लेकर राजनीतिक बयानबाजी की जा रही है, यदि वह हुआ ही नहीं तो उसके नाम पर भ्रम और गलत जानकारी क्यों फैलाई जा रही है।

रावत ने प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व से यह भी सवाल किया कि वह राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को उत्तराखंड की छवि प्रभावित करने वाले बयानों से रोकने की कोशिश क्यों नहीं कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की राजनीति में जातिगत और विभाजनकारी मुद्दों को प्राथमिकता दी जा रही है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस को इन सवालों का जवाब प्रदेश की जनता को देना चाहिए। रावत ने दावा किया कि उत्तराखंड की जनता सामाजिक सौहार्द और आपसी भाईचारे में विश्वास करती है तथा राज्य की शांतिपूर्ण पहचान को किसी भी तरह प्रभावित करने वाली कोशिशों को स्वीकार नहीं करेगी।

भाजपा नेता ने प्रदेशवासियों से आपसी सद्भाव बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन उत्तराखंड की सामाजिक एकता और देवभूमि की छवि से किसी को खिलवाड़ नहीं करना चाहिए।

तीरथ सिंह रावत ने कहा कि जनता आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव में ऐसी नकारात्मक राजनीति का जवाब देगी। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रदेशवासी विकास, सामाजिक समरसता और सकारात्मक राजनीति को प्राथमिकता देंगे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.