अल्मोड़ा। भारतीय जनता पार्टी के ‘सेवा ही संगठन’ और ‘अंत्योदय’ के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से अल्मोड़ा स्थित भाजपा जिला कार्यालय में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में संगठन को और मजबूत करने तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में पार्टी पदाधिकारियों ने संगठन की गतिविधियों को बूथ स्तर तक प्रभावी बनाने के साथ ही जनसेवा के कार्यों को गति देने पर जोर दिया। वक्ताओं ने कहा कि राष्ट्र निर्माण और जनसेवा के इस अभियान में भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता अपनी जिम्मेदारी निभा रहा है। पार्टी का उद्देश्य केवल राजनीतिक गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के जरूरतमंद, पिछड़े और वंचित वर्ग तक विकास की योजनाओं का लाभ पहुंचाना भी है।
कार्यशाला में कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर संकल्प लिया कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों एवं योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाई जाएगी। इसके साथ ही संगठन को बूथ स्तर पर मजबूत और सक्रिय बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को लगातार जनसंपर्क करने का आह्वान किया गया।
बैठक के दौरान संगठन की आगामी गतिविधियों, जनसेवा से जुड़े कार्यक्रमों और कार्यकर्ताओं की भूमिका को लेकर भी विचार-विमर्श हुआ। पदाधिकारियों ने कहा कि मजबूत संगठन के साथ ही सरकार की योजनाओं का वास्तविक लाभ जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाया जा सकता है।
कार्यशाला में भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं जिला प्रभारी राजेंद्र बिष्ट, महापौर अजय वर्मा, प्रदेश मंत्री गौरव पाण्डेय, दर्जा मंत्री गोविन्द पिल्खवाल, वरिष्ठ नेता कुंदन लटवाल, पूर्व विधायक कैलाश शर्मा, पूर्व विधायक रघुनाथ चौहान, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रवि रौतेला और बिट्टू कर्नाटक मौजूद रहे।
इसके अलावा जिला महामंत्री प्रकाश भट्ट और दर्शन रावत सहित जिला पदाधिकारी, विभिन्न मोर्चों के जिलाध्यक्ष एवं महामंत्री, मंडल अध्यक्ष एवं महामंत्री तथा बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने कार्यशाला में भाग लिया।
कार्यशाला के माध्यम से पार्टी ने संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत करने तथा सेवा एवं विकास के कार्यों को अंतिम छोर तक पहुंचाने की दिशा में अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।