देहरादून में सजे पारंपरिक गहने, सीएम धामी ने बताई ‘लोकल टू ग्लोबल’ की राह

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को राजपुर रोड स्थित एक होटल में सर्राफ मंडल देहरादून की ओर से आयोजित भव्य एग्जीबिशन का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने प्रदर्शनी में लगाए गए विभिन्न प्रकार के आभूषणों, पारंपरिक डिजाइनों और स्वर्णकारों की कला एवं हुनर को करीब से देखा। मुख्यमंत्री ने आयोजन के लिए सर्राफ मंडल और स्वर्णकार समाज को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि इस तरह के आयोजन भारतीय कला, संस्कृति और परंपराओं के साथ स्थानीय हुनर को नई पहचान देने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि स्वर्णकार समाज केवल आभूषण तैयार करने का काम नहीं करता, बल्कि देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक कला को पीढ़ी-दर-पीढ़ी आगे बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

उन्होंने कहा कि विवाह, त्योहार और धार्मिक आयोजनों से लेकर जीवन के विभिन्न शुभ अवसरों तक आभूषण भारतीय परंपराओं और भावनाओं का अभिन्न हिस्सा रहे हैं। उत्तराखंड के पारंपरिक आभूषणों की अपनी अलग पहचान है, जिसे देश और दुनिया के सामने और मजबूती से प्रस्तुत किए जाने की जरूरत है।

मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से गढ़वाली नथ, पौंजी, चंपकली हार, कुमाऊंनी गुलोबंद, पिचौरा हार और झूमका जैसे पारंपरिक आभूषणों को राष्ट्रीय और वैश्विक मंच उपलब्ध कराने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पारंपरिक डिजाइनों को आधुनिक जरूरतों के अनुरूप विकसित कर इन्हें ‘लोकल टू ग्लोबल’ पहचान दिलाई जा सकती है।

धामी ने कहा कि इससे स्थानीय कारीगरों और स्वर्णकारों के लिए रोजगार तथा स्वरोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। साथ ही युवा पीढ़ी अपनी संस्कृति और पारंपरिक कला से भी अधिक मजबूती से जुड़ सकेगी।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पारंपरिक कौशल, हस्तशिल्प और स्थानीय कारीगरों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध है। कौशल विकास और आर्थिक सहायता के माध्यम से स्वर्णकार समाज को सशक्त बनाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे। इस दिशा में आवश्यक योजनाएं तैयार करने पर भी सरकार विचार करेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड को देश का ‘सर्वश्रेष्ठ राज्य’ बनाने के ‘विकल्प रहित संकल्प’ के साथ आगे बढ़ रही है। उन्होंने इस लक्ष्य को हासिल करने में स्वर्णकार समाज से सक्रिय सहयोग और सहभागिता का आह्वान किया।

कार्यक्रम में सर्राफ मंडल देहरादून के पदाधिकारी एवं सदस्य, स्वर्णकार समाज के प्रतिनिधि, आभूषण व्यवसायी, कारीगर और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.