देहरादून। प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से प्रस्तावित मुख्यमंत्री आवास घेराव कार्यक्रम को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने के लिए प्रदेश कांग्रेस प्रभारी कुमारी सैलजा रविवार को देहरादून के परेड ग्राउंड पहुंचीं। उन्होंने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण करते हुए व्यवस्थाओं की जानकारी ली और कांग्रेस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कुमारी सैलजा ने कार्यक्रम की तैयारियों पर संतोष जताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री आवास घेराव कार्यक्रम ऐतिहासिक होगा। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पूरी गंभीरता और समन्वय के साथ काम करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने और सभी व्यवस्थाओं को समय से पूरा करने पर भी जोर दिया गया।
प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने प्रदेश प्रभारी को कार्यक्रम स्थल पर की जा रही तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान मंच, कार्यकर्ताओं के बैठने, कार्यक्रम स्थल की व्यवस्था तथा अन्य जरूरी तैयारियों को लेकर भी चर्चा हुई। पार्टी की ओर से कार्यक्रम को प्रभावी और व्यवस्थित बनाने के लिए विभिन्न स्तरों पर जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे। नेताओं ने आगामी कार्यक्रम को लेकर संगठन की तैयारियों और रणनीति पर विचार-विमर्श किया। कांग्रेस पदाधिकारियों का कहना है कि कार्यक्रम को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह है और बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं के शामिल होने की उम्मीद है।
इस अवसर पर प्रदेश सहप्रभारी सुरेन्द्र शर्मा, सहप्रभारी मनोज यादव, प्रदेश उपाध्यक्ष राजीव महर्षि, प्रदेश महामंत्री संगठन राजेन्द्र भंडारी, प्रदेश प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह, गरिमा दसौनी, राकेश राणा, कविन्द्र इष्टवाल, प्रदेश सचिव अमेन्द्र बिष्ट, राजेश चमोली, महानगर अध्यक्ष डॉ. जसविन्दर सिंह गोगी, विकास नेगी टीचकुले समेत कई वरिष्ठ कांग्रेसजन उपस्थित रहे।
कांग्रेस नेतृत्व ने कार्यक्रम को लेकर संगठन के विभिन्न पदाधिकारियों से समन्वय बनाकर तैयारियों को अंतिम रूप देने के निर्देश दिए हैं। पार्टी का दावा है कि मुख्यमंत्री आवास घेराव कार्यक्रम के जरिए प्रदेश से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाया जाएगा।