नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ. दिनेश शर्मा को अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह का नया उपराज्यपाल नियुक्त किया गया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने उनकी नियुक्ति को मंजूरी दी है। उनकी नियुक्ति पदभार ग्रहण करने की तारीख से प्रभावी होगी।
डॉ. दिनेश शर्मा वर्तमान में उत्तर प्रदेश से राज्यसभा सांसद हैं। इससे पहले वह वर्ष 2017 से 2022 तक उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार में उपमुख्यमंत्री रहे। इस दौरान उन्होंने उच्च शिक्षा, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी तथा सूचना प्रौद्योगिकी समेत कई महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी संभाली।
राजनीतिक जीवन में आने से पहले डॉ. शर्मा लखनऊ विश्वविद्यालय में वाणिज्य के प्रोफेसर रहे। वह दो बार लखनऊ के महापौर भी रह चुके हैं। भाजपा संगठन में उन्होंने राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और गुजरात प्रभारी समेत कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाली हैं।
डॉ. शर्मा की नई जिम्मेदारी ऐसे समय आई है, जब उनका राज्यसभा कार्यकाल नवंबर 2026 में समाप्त होने वाला था। अंडमान एवं निकोबार सामरिक, पर्यटन और प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण केंद्र शासित प्रदेश है। वह सेवानिवृत्त एडमिरल देवेंद्र कुमार जोशी का स्थान लेंगे।
नई जिम्मेदारी मिलने पर डॉ. दिनेश शर्मा ने नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि वह इस दायित्व का पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे।