नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को दिल्ली मेट्रो में सफर के दौरान आम यात्रियों, स्कूली बच्चों और युवाओं से अनौपचारिक बातचीत की। लोक कल्याण मार्ग से यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री ने छात्रों से पढ़ाई, देश की प्रगति और उनकी रुचियों को लेकर बातचीत की।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर इस मुलाकात का एक वीडियो साझा किया। बातचीत के दौरान उन्होंने छात्रों से पूछा कि क्या वे देश में हो रहे विकास और बदलावों को लेकर चर्चा करते हैं। उन्होंने यह भी जानना चाहा कि पाठ्यक्रम की किताबों के अलावा वे क्या पढ़ते हैं।
एक छात्र ने बताया कि वह मुख्य रूप से उपन्यास पढ़ता है। इस पर प्रधानमंत्री ने उसे जीवनियां पढ़ने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अलग-अलग क्षेत्रों में सफल लोगों के जीवन और संघर्ष के बारे में जानना चाहिए। इसके लिए खिलाड़ी, वैज्ञानिक या सिनेमा जगत से जुड़े लोगों की जीवनी पढ़ी जा सकती है। प्रधानमंत्री ने एक छात्र से पाठ्यक्रम से अलग प्रेरक पुस्तकें पढ़ने का संकल्प भी लिया।
मेट्रो में मौजूद एक छात्र ने प्रधानमंत्री के सम्मान में ‘गुरुर ब्रह्मा गुरुर विष्णुः’ श्लोक सुनाया। श्लोक सुनकर प्रधानमंत्री मुस्कुराए और छात्र का उत्साह बढ़ाया।
इस दौरान प्रधानमंत्री ने अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी से जुड़ी एक महिला यात्री से भी बातचीत की। महिला बीएचयू से स्नातक और दिल्ली विश्वविद्यालय से कानून की पढ़ाई कर चुकी हैं। प्रधानमंत्री ने उनसे काशी में हुए विकास कार्यों और वहां के जमीनी बदलावों के बारे में सीधे जानकारी ली।
प्रधानमंत्री का आम यात्रियों के बीच इस तरह अनौपचारिक संवाद सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बना। मेट्रो यात्रा के दौरान उन्होंने युवाओं को किताबों से जुड़ने और प्रेरणादायक व्यक्तित्वों के जीवन से सीख लेने का संदेश दिया।