लखनऊ। राजधानी लखनऊ के पारा क्षेत्र में शुक्रवार को शिक्षकों की कमी को लेकर सर्वोदय विद्यालय के छात्रों ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया। छात्रों ने स्कूल में पर्याप्त शिक्षक नियुक्त किए जाने की मांग को लेकर आगरा एक्सप्रेसवे से जुड़ी लिंक रोड पर जाम लगा दिया। अचानक हुए प्रदर्शन के कारण सड़क के दोनों ओर करीब एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
प्रदर्शन की सूचना मिलते ही समाज कल्याण विभाग के राज्यमंत्री असीम अरुण मौके पर पहुंचे। उन्होंने अपनी गाड़ी से उतरकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों से बातचीत की और उनकी समस्याओं को विस्तार से सुना। छात्रों ने उन्हें बताया कि विद्यालय में शिक्षकों की पर्याप्त संख्या नहीं होने के कारण पढ़ाई प्रभावित हो रही है। कई कक्षाओं का पाठ्यक्रम समय पर पूरा नहीं हो पा रहा है।
राज्यमंत्री ने छात्रों को उनकी समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाते हुए समझाया। बातचीत के बाद उन्होंने छात्रों को वापस विद्यालय भेज दिया। प्रदर्शन कर रहे छात्र मोहान रोड स्थित सर्वोदय विद्यालय के हैं। इस विद्यालय का संचालन समाज कल्याण विभाग की ओर से किया जाता है। विद्यालय में करीब 450 छात्र अध्ययनरत हैं। यहां विद्यार्थियों को रहने, भोजन और शिक्षा की सुविधाएं निशुल्क उपलब्ध कराई जाती हैं।
छात्रों का कहना था कि लंबे समय से शिक्षकों की कमी के कारण उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है। उन्होंने मांग की कि विद्यालय में जल्द से जल्द पर्याप्त संख्या में शिक्षकों की नियुक्ति की जाए, ताकि सभी विषयों का पाठ्यक्रम समय पर पूरा हो सके और उनकी पढ़ाई बाधित न हो।
उधर, जाम की सूचना मिलने के बाद पारा पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने छात्रों से बातचीत कर सड़क खाली कराने का प्रयास किया। राज्यमंत्री और पुलिस की समझाइश के बाद छात्रों ने प्रदर्शन समाप्त किया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद दोपहर 1:20 बजे यातायात सामान्य हो सका।
शिक्षकों की कमी को लेकर छात्रों का यह प्रदर्शन अब विद्यालय में शिक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर रहा है।