नई दिल्ली। स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर राजधानी दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। 15 अगस्त को प्रधानमंत्री लाल किले की प्राचीर से राष्ट्र को संबोधित करेंगे। समारोह के दौरान सुरक्षा कारणों और लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दिल्ली के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रतिबंध और डायवर्जन लागू किए जाएंगे। दिल्ली यातायात पुलिस ने लोगों से घर से निकलने से पहले वैकल्पिक मार्गों की योजना बनाने की अपील की है।
यातायात व्यवस्था के तहत सुबह 4 बजे से 10 बजे तक कई प्रमुख सड़कों पर सामान्य वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। नेताजी सुभाष मार्ग पर दिल्ली गेट से छत्ता रेल चौक, लोथियन रोड पर जीपीओ से छत्ता रेल चौक, एसपी मुखर्जी मार्ग पर एचसी सेन मार्ग से यमुना बाजार चौक और चांदनी चौक रोड पर फाउंटेन चौक से लाल किला तक वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी।
इसके अलावा निषाद राज मार्ग, एस्प्लेनेड रोड और नेताजी सुभाष मार्ग से जुड़ी लिंक रोड पर भी यातायात प्रभावित रहेगा। राजघाट से आईएसबीटी कश्मीरी गेट के बीच रिंग रोड पर भी सामान्य वाहनों के लिए प्रतिबंध रहेगा। सी-हेक्सागन, इंडिया गेट, कोपरनिकस मार्ग, मंडी हाउस, तिलक मार्ग, मथुरा रोड, बीएसजेड मार्ग, नेताजी सुभाष मार्ग और जेएल नेहरू मार्ग सहित कई क्षेत्रों में यात्रियों को जाने से बचने की सलाह दी गई है।
सलीमगढ़ बाईपास से होकर गुजरने वाली आउटर रिंग रोड पर भी यातायात प्रतिबंध लागू रहेंगे। ऐसे में लोगों को परेशानी से बचने के लिए वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।
उत्तर-दक्षिण दिशा में आने-जाने वाले यात्रियों के लिए अरबिंदो मार्ग, सफदरजंग रोड, 11 मूर्ति, मदर टेरेसा क्रिसेंट, कमाल अतातुर्क मार्ग, कौटिल्य मार्ग, एसपी मार्ग, पार्क स्ट्रीट, मंदिर मार्ग, पंचकुइयां रोड और रानी झांसी रोड को विकल्प के तौर पर इस्तेमाल किया जा सकता है।
पूर्व से पश्चिम दिशा में जाने वाले यात्रियों के लिए एनएच-24/एनएच-9, निजामुद्दीन खट्टा, बारापुल्ला रोड और रिंग रोड का इस्तेमाल किया जा सकेगा। डीएनडी भी वैकल्पिक मार्ग के रूप में उपलब्ध रहेगा। वहीं, ट्रांस-यमुना से उत्तरी दिल्ली जाने वाले यात्रियों के लिए पुस्ता रोड, जीटी रोड, युधिष्ठिर सेतु और आईएसबीटी कश्मीरी गेट मार्ग उपयोगी रहेंगे।