पुलिस की वर्दी में जंतर-मंतर पर हमले की साजिश! बंगाल STF के दावे से मचा हड़कंप

पश्चिम बंगाल पुलिस के विशेष कार्य बल (STF) ने पूर्व बर्धमान से गिरफ्तार संदिग्ध आतंकी हमीम मंडल को लेकर कई गंभीर दावे किए हैं। STF के मुताबिक, हमीम ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर पुलिस की वर्दी पहनकर हिंसक वारदात को अंजाम देने की योजना बनाई थी। जांच एजेंसी ने यह भी दावा किया है कि पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी और हावड़ा के एक मंत्री भी उसके संभावित निशानों में शामिल थे।

STF के आईजी गौरव शर्मा ने शनिवार को पत्रकार वार्ता में बताया कि 24 वर्षीय हमीम मंडल को शुक्रवार को पूर्व बर्धमान से गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तारी के बाद उसे कोलकाता लाकर पूछताछ की गई। जांच के दौरान उसके मोबाइल फोन, डिजिटल उपकरणों और सोशल मीडिया चैट की पड़ताल की गई। इसके आधार पर कथित साजिश को लेकर कई अहम जानकारियां सामने आने का दावा किया गया है।

STF के अनुसार, हमीम के पाकिस्तान में मौजूद कुछ कथित हैंडलरों से संपर्क थे। एजेंसी का दावा है कि ये लोग मादक पदार्थों की तस्करी और आतंकी गतिविधियों से जुड़े शाहजहाद भट्टी गिरोह से जुड़े हो सकते हैं। हमीम और इन लोगों के बीच व्हाट्सऐप, टेलीग्राम सहित अन्य डिजिटल माध्यमों से संपर्क होने की बात सामने आई है।

जांच एजेंसी के मुताबिक हमीम कथित तौर पर शुभेंदु अधिकारी की गतिविधियों पर नजर रख रहा था। इसके अलावा दिल्ली के जंतर-मंतर पर हालिया छात्र प्रदर्शन के दौरान पुलिस की वर्दी में हिंसक घटना को अंजाम देने की योजना से जुड़े इनपुट भी मिले हैं। STF ने हावड़ा के एक मंत्री को भी संभावित निशाने पर बताए जाने का दावा किया है।

जांच में ‘राना’, ‘आबिर’, ‘हबीब’ और ‘333’ जैसे कथित कूटनामों वाले लोगों से संपर्क की जानकारी मिलने की बात कही गई है। STF का दावा है कि यह नेटवर्क युवाओं को कट्टरपंथ की ओर धकेलने, हथियारों की तस्करी, हिंसक गतिविधियों की साजिश और प्रभावशाली लोगों को कथित हनी ट्रैप में फंसाने जैसे कामों से जुड़ा हो सकता है।

इसी मामले में झारखंड के साहिबगंज से हमीम की कथित प्रेमिका अर्पिता सरकार को भी शनिवार सुबह गिरफ्तार किया गया। STF के अनुसार दोनों की मुलाकात करीब चार साल पहले इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी। अब एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि क्या अर्पिता का इस्तेमाल किसी कथित हनी ट्रैप अभियान में किया गया था। मामले में आगे और गिरफ्तारियों की संभावना जताई गई है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.