80वें स्वतंत्रता दिवस पर उत्तराखंड में होंगे भव्य आयोजन, मुख्य सचिव ने दिए खास निर्देश

देहरादून। उत्तराखंड में 80वें स्वतंत्रता दिवस को ऐतिहासिक और जनभागीदारी आधारित उत्सव के रूप में मनाने की तैयारी शुरू हो गई है। बुधवार को सचिवालय में मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में प्रदेशभर में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भव्य और विविध कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि इस राष्ट्रीय पर्व में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित कर इसे जनोत्सव का स्वरूप दिया जाए।

मुख्य सचिव ने सभी जिलों में राज्य एवं जनपद स्तरीय खेल प्रतियोगिताएं, ब्लड डोनेशन कैंप, मैराथन, साइकिल, बाइक और कार रैली तथा हाई एल्टीट्यूड एडवेंचर गतिविधियों के आयोजन पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इन कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं में राष्ट्रभक्ति, स्वास्थ्य जागरूकता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने निर्देश दिए कि प्रदेश के प्रमुख शहरों के महत्वपूर्ण स्थलों पर पुलिस, सेना, अर्द्धसैनिक बलों और एनसीसी बैंड द्वारा संगीतमय देशभक्ति कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। साथ ही जल संरक्षण, जल संवर्द्धन और व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाया जाए। रक्तदान और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यक्रमों को भी बड़े पैमाने पर आयोजित करने के निर्देश दिए गए।

महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी ने बताया कि 15 अगस्त को सुबह 10 बजे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी देहरादून के परेड ग्राउंड में राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। मुख्य सचिव सचिवालय में सुबह 9 बजे ध्वजारोहण करेंगे, जबकि अन्य सभी जिलों में जिलाधिकारी कार्यालयों पर सुबह 9:30 बजे ध्वजारोहण होगा। देहरादून स्थित सभी सरकारी और गैर-सरकारी कार्यालयों में भी सुबह 9 बजे ध्वजारोहण किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि 14 अगस्त की शाम 6 बजे से रात 9 बजे तक और 15 अगस्त की सुबह 6 बजे से 11 बजे तक प्रमुख चौराहों पर देशभक्ति गीत प्रसारित किए जाएंगे। 14 अगस्त को प्रदेश मुख्यालय में कवि सम्मेलन और मुशायरा आयोजित होगा। सरकारी भवनों और ऐतिहासिक इमारतों को एलईडी रोशनी से सजाया जाएगा। सभी शिक्षण संस्थानों में प्रभात फेरी, ध्वजारोहण, राष्ट्रगान, खेलकूद, वाद-विवाद, निबंध प्रतियोगिता, प्रदर्शनी और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.