रुद्रपुर। नगर निगम रुद्रपुर के सभागार में बुधवार को आयोजित एक गरिमामय समारोह में आठ नवनियुक्त नामित पार्षदों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। शहरी पर्यावरण संरक्षण परिषद की उपाध्यक्ष एवं दर्जा मंत्री हेमा जोशी ने सभी पार्षदों को शपथ दिलाई और उन्हें जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का संदेश दिया।
शपथ लेने वाले नामित पार्षदों में संदीप वाल्मीकि, नरेश उप्रेती, राजन राठौर, विवेक रावत, अमित मिश्रा, जितेंद्र मौर्य और सतनाम सिंह शामिल रहे। समारोह में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, नगर निगम के अधिकारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
मुख्य अतिथि हेमा जोशी ने कहा कि रुद्रपुर आज उत्तराखंड के तेजी से विकसित हो रहे शहरों में अपनी अलग पहचान बना चुका है। उन्होंने कहा कि महापौर विकास शर्मा के नेतृत्व में शहर में स्वच्छता, सौंदर्यीकरण, वेंडिंग जोन और आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए उल्लेखनीय कार्य किए गए हैं। यही कारण है कि रुद्रपुर का विकास मॉडल अब प्रदेश के अन्य शहरों के लिए भी प्रेरणा बन रहा है।
महापौर विकास शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि नामित पार्षद जनता और प्रशासन के बीच मजबूत सेतु का कार्य करेंगे। उनकी जिम्मेदारी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाना और नागरिकों की समस्याओं का प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना होगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सहयोग से पिछले लगभग डेढ़ वर्ष में रुद्रपुर में करीब 125 करोड़ रुपये के विकास कार्य कराए गए हैं।
महापौर ने कहा कि नगर निगम का लक्ष्य रुद्रपुर को उत्तराखंड का सबसे स्वच्छ, सुंदर और आधुनिक शहर बनाना है। इसके लिए स्वच्छता अभियान, सड़क और पार्क विकास, यातायात सुधार, वेंडिंग जोन और नागरिक सुविधाओं के विस्तार जैसे कई महत्वपूर्ण कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। उन्होंने सभी नए पार्षदों से अपेक्षा की कि वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ जनता की सेवा करेंगे तथा शहर के समग्र विकास में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
समारोह में सहायक नगर आयुक्त रणदीप, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पियूष रंजन सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।