उत्तराखंड में AI और स्टार्टअप को मिलेगा नया उड़ान, राज्यपाल ने लॉन्च की तीन बड़ी पहलें

देहरादून। उत्तराखंड में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), नवाचार और स्टार्टअप संस्कृति को नई दिशा देने के उद्देश्य से राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) ने बुधवार को लोक भवन में ऑपरेशन साथी, आरोही (RoV) इनक्यूबेटर सेंटर और एआई न्यूजलेटर का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने स्टार्टअप प्रदर्शनी का अवलोकन किया और युवाओं के नवाचारों की सराहना की।

राज्यपाल ने कहा कि ये तीनों पहलें उत्तराखंड में ज्ञान, तकनीक, अनुसंधान और जनभागीदारी आधारित विकास के नए दौर की शुरुआत हैं। उन्होंने कहा कि 21वीं सदी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, क्वांटम कंप्यूटिंग, साइबर टेक्नोलॉजी और उभरती प्रौद्योगिकियों की है। ऐसे में उत्तराखंड को भविष्य की चुनौतियों और अवसरों के लिए अभी से तैयार होना होगा।

उन्होंने कहा कि लोक भवन में शुरू की गई एआई थीम रूम और एआई ऑन व्हील्स जैसी पहल ने राज्य में एआई के प्रति जागरूकता और विश्वास का माहौल बनाया है। अब ऑपरेशन साथी, आरोही इनक्यूबेटर और एआई न्यूजलेटर इस अभियान को और आगे बढ़ाएंगे।

राज्यपाल ने कहा कि उत्तराखंड के युवाओं में अपार प्रतिभा और नवाचार की क्षमता है। जरूरत उन्हें सही मंच, संसाधन और मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की है। ऑपरेशन साथी के माध्यम से राज्य के सभी 13 जिलों में विद्यार्थियों, शोधकर्ताओं, महिला उद्यमियों, किसानों, स्वयं सहायता समूहों और स्टार्टअप्स से संवाद कर स्थानीय समस्याओं के तकनीकी समाधान विकसित करने वाले युवाओं को आगे लाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि आरोही (RoV) इनक्यूबेटर सेंटर युवाओं के विचारों को सफल स्टार्टअप में बदलने के लिए मेंटरशिप, प्रोटोटाइप विकास, निवेशकों से संपर्क और व्यवसायिक सहयोग उपलब्ध कराएगा। वहीं एआई न्यूजलेटर राज्य में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, शोध, स्टार्टअप और तकनीक आधारित नवाचारों को एक साझा मंच प्रदान करेगा।

राज्यपाल ने विश्वास जताया कि ये पहलें उत्तराखंड में मजबूत स्टार्टअप इकोसिस्टम तैयार करेंगी और राज्य को रिस्पॉन्सिबल एआई तथा नवाचार आधारित विकास का राष्ट्रीय मॉडल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। कार्यक्रम में विभिन्न विश्वविद्यालयों के कुलपति, वैज्ञानिक, विशेषज्ञ और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.