रांची/धनबाद। झारखंड में अवैध कोयला खनन और उससे जुड़े कथित आर्थिक अपराधों के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मंगलवार सुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए धनबाद जिले में एक साथ 25 ठिकानों पर छापेमारी की। यह कार्रवाई कथित कोयला माफिया एलबी सिंह, अनिल गोयल, गणेश यादव, पप्पू मंडल, अनूप चौहान, हरेंद्र चौहान, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी रोहित यादव और उनके सहयोगियों से जुड़े परिसरों पर की गई। ईडी की टीमें विभिन्न स्थानों पर दस्तावेजों, वित्तीय रिकॉर्ड और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्यों की जांच में जुटी हैं।
जानकारी के अनुसार, ईडी ने इस कथित कोयला घोटाले से जुड़े मामलों में चार अलग-अलग एनफोर्समेंट केस इंफॉर्मेशन रिपोर्ट (ईसीआईआर) दर्ज कर जांच शुरू की थी। जांच एजेंसी को संदेह है कि अवैध कोयला खनन, परिवहन और भंडारण के जरिए बड़े पैमाने पर अवैध संपत्ति अर्जित की गई है। इसी आधार पर मंगलवार को व्यापक तलाशी अभियान चलाया गया।
सूत्रों के मुताबिक, ईडी की एक टीम एलबी सिंह के साले रंजीत सिंह के आवास पर भी पहुंची। बताया जा रहा है कि रंजीत सिंह ने घर को अंदर से बंद कर लिया, जिसके बाद ईडी की टीम काफी देर तक बाहर मौजूद रही। अधिकारियों ने पूरे घटनाक्रम के दौरान कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए तलाशी की कार्रवाई जारी रखी।
यह पहली बार नहीं है जब ईडी ने इस मामले में कार्रवाई की हो। इससे पहले 21 नवंबर 2025 को भी एजेंसी ने एलबी सिंह और उनके सहयोगियों से जुड़े धनबाद तथा दुमका के लगभग 20 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की थी। उस कार्रवाई में ईडी को 150 से अधिक जमीनों से जुड़े दस्तावेज, करीब ₹2.20 करोड़ की नकदी और कई अहम रिकॉर्ड मिले थे। जांच के दौरान अवैध कोयला खनन, परिवहन और भंडारण से संबंधित कई महत्वपूर्ण साक्ष्य भी एजेंसी के हाथ लगे थे।
फिलहाल ईडी की कार्रवाई जारी है और तलाशी के बाद बरामद दस्तावेजों एवं डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आगे की जांच की जाएगी। माना जा रहा है कि इस मामले में आने वाले दिनों में कई और महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।