हॉलीवुड की मशहूर हॉरर फिल्म ‘द एक्सॉर्सिस्ट’ (The Exorcist) को आज भी दुनिया की सबसे डरावनी फिल्मों में गिना जाता है। वर्ष 1973 में रिलीज हुई इस फिल्म ने न सिर्फ बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रचा, बल्कि इससे जुड़े कई रहस्यमयी दावों ने भी इसे दशकों तक चर्चा में बनाए रखा।
फिल्म की कहानी एक मासूम बच्ची के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसके शरीर में कथित रूप से एक बुरी आत्मा प्रवेश कर जाती है। इसके बाद उसका व्यवहार पूरी तरह बदल जाता है। उसकी मां, जो एक प्रसिद्ध अभिनेत्री होती है, बेटी का इलाज कराने के लिए कई डॉक्टरों के पास जाती है, लेकिन जब कोई समाधान नहीं मिलता तो वह एक पादरी की मदद लेती है। इसके बाद शुरू होती है आत्मा को बाहर निकालने की भयावह कोशिश, जिसने दर्शकों को झकझोर कर रख दिया।
करीब 104.96 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने दुनिया भर में लगभग 3,858.94 करोड़ रुपये की कमाई की और उस दौर की सबसे सफल हॉरर फिल्मों में शामिल हो गई। फिल्म के डरावने दृश्य, बैकग्राउंड म्यूजिक और विशेष प्रभाव उस समय दर्शकों के लिए बिल्कुल नए थे।
फिल्म की रिलीज के बाद कई मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि इसे देखने के दौरान कुछ दर्शक सिनेमाघरों में बेहोश हो गए, जबकि कई लोगों को घबराहट, उल्टी और बेचैनी जैसी समस्याएं हुईं। कुछ चर्चित रिपोर्ट्स में यहां तक कहा गया कि कुछ दर्शकों को खून की उल्टियां हुईं और उन्हें अस्पताल ले जाना पड़ा। वहीं, ब्रिटेन की कुछ पुरानी रिपोर्ट्स में फिल्म देखने के बाद हार्ट अटैक से मौत होने के दावे भी सामने आए। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।
फिल्म की शूटिंग को लेकर भी कई रहस्यमयी किस्से प्रचलित हैं। कहा जाता है कि शूटिंग के दौरान कई कलाकारों और क्रू सदस्यों के साथ हादसे हुए और कुछ कलाकारों की फिल्म रिलीज के बाद मौत हो गई। इन्हीं घटनाओं के चलते कई लोगों ने ‘द एक्सॉर्सिस्ट’ को “शापित फिल्म” तक कहना शुरू कर दिया। हालांकि, इन सभी दावों के समर्थन में कोई ठोस वैज्ञानिक प्रमाण उपलब्ध नहीं हैं, लेकिन इन्हीं रहस्यों ने इस फिल्म को आज भी दुनिया की सबसे चर्चित हॉरर फिल्मों में शामिल कर रखा है।