टनल के भीतर 900 मीटर अंदर हुआ हादसा, जिलाधिकारी ने जांच और सुरक्षा मानकों की समीक्षा के दिए निर्देश
उत्तरकाशी/बड़कोट, 16 जुलाई 2026।
यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर निर्माणाधीन सिलक्यारा टनल में बुधवार देर रात हुए हादसे में एक श्रमिक की मौत हो गई। टनल के भीतर कंक्रीट (शॉटक्रीट) लाइनिंग का एक हिस्सा टूटकर गिरने से झारखंड निवासी 21 वर्षीय श्रमिक उसकी चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार दुर्घटना रात करीब दो बजे हुई। बड़कोट की ओर से लगभग 900 मीटर अंदर टनल की शॉटक्रीट लाइनिंग का एक ब्लॉक अचानक टूटकर गिर गया। हादसे के बाद निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। मृतक श्रमिक झारखंड का निवासी बताया गया है घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन अलर्ट हो गया। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए उपजिलाधिकारी बड़कोट को घटनास्थल पर भेजा। उन्होंने निर्देश दिए कि दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जाए, कार्यदायी संस्था द्वारा अपनाए जा रहे सुरक्षा मानकों का गहन निरीक्षण किया जाए तथा पूरी घटना की तथ्यात्मक रिपोर्ट तैयार की जाए। जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए हैं कि मृतक के परिजनों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाए, आवश्यक वैधानिक प्रक्रियाएं शीघ्र पूरी की जाएं और टनल में कार्यरत अन्य श्रमिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाए जाएं। राष्ट्रीय राजमार्ग एवं अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड (एनएचआईडीसीएल) द्वारा घटना की विस्तृत जांच कराई जा रही है। प्रशासन का कहना है कि दुर्घटना के वास्तविक कारणों और अन्य तथ्यों की आधिकारिक पुष्टि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही की जाएगी।