15 सितंबर से शुरू होगा सेवा संकल्प अभियान, स्वच्छता से नवाचार तक दिखेगा जनभागीदारी का दम

देहरादून। जिले में आगामी 15 सितंबर से 18 अक्टूबर 2026 तक व्यापक स्तर पर ‘सेवा संकल्प अभियान’ आयोजित किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों को जनभागीदारी से जोड़ते हुए स्वच्छता, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, नवाचार और राष्ट्र निर्माण की गतिविधियों को गति देना है। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में बुधवार को कलक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक में अभियान की विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई।

अभियान के तहत ‘भारत 2047’, ‘सेवा और सपना’, ‘नमो 25 गाथा’, ‘आंगन का उत्सव’, ‘25 साल-25 कहानियां’ और ‘जन कल्याण संवाद’ जैसी थीम पर कार्यक्रम आयोजित होंगे। शिक्षण संस्थानों में विकसित भारत विषय पर निबंध और चित्रकला प्रतियोगिताएं होंगी, जबकि प्रेरणादायी बहुभाषी नाटकों का मंचन भी किया जाएगा।

अभियान के पहले चरण में सरकारी कार्यालयों, स्कूल-कॉलेजों, अस्पतालों, नगर निकायों, धार्मिक स्थलों और ग्राम पंचायतों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। पर्यावरण संरक्षण के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन एवं कृतित्व से जुड़ी पुस्तकों का वितरण भी किया जाएगा।

युवाओं को नवाचार से जोड़ने के लिए हैकाथॉन, इनोवेशन चैलेंज और शॉर्ट फिल्म प्रतियोगिताएं होंगी। सात अक्टूबर को ‘सेवा ज्योति यात्रा दिवस’ पर रिले मैराथन आयोजित की जाएगी।

17 सितंबर को ‘रंगोली राष्ट्र’ के जरिए भारत और उत्तराखंड की सांस्कृतिक एवं विकास यात्रा को प्रदर्शित किया जाएगा। वहीं 7 से 17 अक्टूबर तक ‘प्रगति के 25 स्तंभ’ कार्यक्रम में प्रोजेक्शन मैपिंग, लाइट शो और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से केदारनाथ-बदरीनाथ पुनर्निर्माण, मानसखंड मंदिर माला मिशन, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना, दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे, लखवाड़ और जमरानी बांध जैसी प्रमुख परियोजनाओं की विकास गाथा दिखाई जाएगी।

‘प्रोजेक्ट 25-25-25’ के तहत नागरिकों को प्रतिदिन 25 मिनट देश के नाम समर्पित कर स्वच्छता, वृक्षारोपण और डिजिटल साक्षरता जैसी गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया जाएगा। स्वास्थ्य शिविरों में दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग, रक्तदान शिविर और मरीजों को फल वितरण जैसी गतिविधियां भी होंगी।

दो अक्टूबर को गांधी जयंती और लाल बहादुर शास्त्री जयंती पर स्वदेशी व खादी अपनाने की शपथ दिलाई जाएगी। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को समन्वय के साथ समयबद्ध तैयारी और व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए हैं।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, अपर जिलाधिकारी प्रशासन स्मृता परमार, जिला सूचना अधिकारी प्रियंका जोशी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.