सोशल मीडिया पोस्ट पर कांग्रेस का हंगामा, SSP कार्यालय पहुंची स्वाति नेगी

देहरादून। सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक और मानहानिकारक पोस्ट को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में आक्रोश बढ़ गया है। प्रदेश सचिव स्वाति नेगी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एसएसपी कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई और संबंधित सोशल मीडिया पेज के संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने देहरादून ग्रामीण की पुलिस अधीक्षक जया बलूनी से मुलाकात कर ‘वसूली अभियान मोर्चा’ नामक सोशल मीडिया पेज पर कथित रूप से प्रसारित की जा रही सामग्री को लेकर अपनी आपत्ति दर्ज कराई। कार्यकर्ताओं ने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों की पहचान करने की मांग की।

प्रदेश सचिव स्वाति नेगी ने आरोप लगाया कि सोशल मीडिया पर उनके राजनीतिक और सामाजिक जीवन को लेकर आपत्तिजनक तथा भ्रामक सामग्री प्रसारित की जा रही है। उनका कहना है कि लोकतंत्र में राजनीतिक आलोचना का अधिकार सभी को है, लेकिन किसी महिला के चरित्र, परिवार और सामाजिक प्रतिष्ठा को निशाना बनाकर टिप्पणी करना स्वीकार्य नहीं है।

उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर की जा रही कथित टिप्पणियों का असर उनके साथ-साथ उनके परिवार और ससुराल की प्रतिष्ठा पर भी पड़ रहा है। स्वाति नेगी के अनुसार, संबंधित पोस्ट में प्रतापनगर विधायक विक्रम सिंह नेगी और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा के सम्मान को भी प्रभावित करने का प्रयास किया गया है।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बताया कि इस मामले को लेकर पहले भी पुलिस से शिकायत की जा चुकी है। उनके मुताबिक, 28 दिसंबर 2025 को प्रदेश अध्यक्ष के निर्देश पर संबंधित सोशल मीडिया संचालक के खिलाफ शिकायत का प्रयास किया गया था। इसके बाद 28 फरवरी 2026 को कांग्रेस और उसके नेताओं को निशाना बनाते हुए कथित तौर पर एक और वीडियो पोस्ट किया गया।

कांग्रेस नेताओं ने पुलिस प्रशासन से सोशल मीडिया अकाउंट संचालकों की पहचान कर भारतीय न्याय संहिता और सूचना प्रौद्योगिकी कानून की प्रासंगिक धाराओं के तहत कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि मामले में जल्द कार्रवाई नहीं होती है तो पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करेगी।

शिकायत देने वालों में वीरेंद्र पोखरियाल, गरिमा मेहरा दसौनी, डॉ. जसविंदर गोगी, कोमल बोरा समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.