ईरान की 27 एयरलाइंस पर अमेरिका का बड़ा एक्शन, बढ़ा दबाव

वॉशिंगटन। अमेरिका ने ईरान के खिलाफ प्रतिबंधों का दायरा और बढ़ाते हुए उसकी 27 एयरलाइंस को अपनी स्पेशली डिजाइनेटेड नेशनल्स (SDN) सूची में शामिल कर लिया है। अमेरिकी वित्त विभाग के इस फैसले को ईरान पर आर्थिक और रणनीतिक दबाव बढ़ाने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। अमेरिका का आरोप है कि ईरान की वाणिज्यिक विमानन कंपनियां लंबे समय से सरकार की ऐसी गतिविधियों में सहयोग करती रही हैं, जिन्हें वह क्षेत्रीय अस्थिरता बढ़ाने वाला मानता है।

अमेरिकी वित्त विभाग के अनुसार, ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने कथित तौर पर निजी एयरलाइंस के नेटवर्क का इस्तेमाल हथियारों की खरीद और परिवहन के साथ-साथ अपने कर्मियों की आवाजाही के लिए किया। अमेरिका ने विशेष रूप से महान एयर को लंबे समय से निशाने पर रखा है। उस पर पहली बार अक्टूबर 2011 में प्रतिबंध लगाए गए थे।

नए प्रतिबंधों के तहत अमेरिका ने उन फ्रंट कंपनियों, विदेशी बिचौलियों और कथित तौर पर इस्तेमाल किए जाने वाले ट्रांजिट मार्गों को भी निशाना बनाया है, जिनके जरिए ईरान अमेरिकी मूल के विमानों और संवेदनशील विमानन तकनीक तक पहुंच बनाने की कोशिश करता है।

अमेरिकी वित्त विभाग के ऑफिस ऑफ फॉरेन एसेट्स कंट्रोल (OFAC) ने तुर्किये, मलेशिया और कजाकिस्तान की चार कंपनियों पर भी प्रतिबंध लगाए हैं। अमेरिकी अधिकारियों का आरोप है कि ये कंपनियां महान एयर को कार्गो सेवाएं तथा बिक्री से जुड़ी सहायता उपलब्ध करा रही थीं।

इसके अलावा OFAC ने कुछ ऐसी अनुमतियां भी निलंबित कर दी हैं, जिनके तहत विमानों को ईरान के हवाई क्षेत्र से गुजरने और गैर-अमेरिकी एयरलाइंस को अमेरिकी मूल या अमेरिकी नियंत्रण वाले वाणिज्यिक विमानों को ईरान ले जाने की अनुमति थी।

अमेरिकी वित्त विभाग के मुताबिक, 2026 की गर्मियों में महान एयर को कम से कम तीन बी-777 विमान मिले थे, जिन्हें संयुक्त अरब अमीरात और ओमान के रास्ते ईरान पहुंचाया गया।

वहीं, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन ने अमेरिका के दबाव के बीच कहा है कि उनका देश पूरी ताकत के साथ अपने प्रतिरोध को जारी रखेगा। उन्होंने कहा कि ईरान युद्ध का पक्षधर नहीं है और लोगों के हितों तथा पश्चिम एशिया की सुरक्षा के लिए युद्ध भड़काने से बचना जरूरी है। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि ईरान अपने लोगों के अधिकारों की रक्षा करता रहेगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.