149वीं रथयात्रा में CM भूपेंद्र पटेल ने निभाई परंपरा, क्या कहा विकसित भारत पर?

आषाढ़ी दूज के पावन अवसर पर गुरुवार को अहमदाबाद में भगवान जगन्नाथ जी की 149वीं ऐतिहासिक रथयात्रा श्रद्धा और उत्साह के साथ निकाली गई। रथयात्रा शुरू होने से पहले मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने भगवान जगन्नाथ, बलराम और सुभद्रा की विधिवत पूजा-अर्चना की तथा पारंपरिक ‘पहिंद विधि’ के तहत सोने की झाड़ू से भगवान के रथ की सफाई कर यात्रा का शुभारंभ कराया। लगातार पांचवीं बार मुख्यमंत्री ने इस परंपरा का निर्वहन किया।

मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर से भगवान के मुख्य रथ को श्रद्धापूर्वक नगर यात्रा के लिए रवाना किया। इस दौरान राज्य के गृह मंत्री हर्ष संघवी भी धार्मिक अनुष्ठान में शामिल हुए। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने जय जगन्नाथ के जयकारों के बीच भगवान के दर्शन किए।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने राज्यवासियों को रथयात्रा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान जगन्नाथ आज अपने भाई बलराम और बहन सुभद्रा के साथ नगर भ्रमण पर निकलकर सभी नागरिकों, विशेष रूप से श्रमिकों और जरूरतमंदों को आशीर्वाद दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि भगवान के दर्शन और रथयात्रा को प्रस्थान कराने का अवसर मिलना उनके लिए सौभाग्य की बात है।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के संकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि इस लक्ष्य को साकार करने में गुजरात अग्रणी भूमिका निभाएगा। उन्होंने भगवान जगन्नाथ से राज्य के सभी नागरिकों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

भूपेंद्र पटेल ने कहा कि अहमदाबाद की जगन्नाथ रथयात्रा वर्षों से सांप्रदायिक सौहार्द और सामाजिक एकता का प्रतीक रही है। उन्होंने शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित आयोजन के लिए पुलिस, प्रशासन, विभिन्न सरकारी विभागों, सेवा संस्थाओं और स्वयंसेवकों के योगदान की सराहना की।

आषाढ़ी दूज के अवसर पर मुख्यमंत्री ने देश-विदेश में बसे कच्छी समाज को कच्छी नववर्ष की शुभकामनाएं भी दीं। इस मौके पर जगन्नाथ मंदिर के महंत दिलीपदास जी महाराज, महापौर हितेश बारोट, पुलिस महानिदेशक जी.एस. मलिक, शहर पुलिस आयुक्त अनुपम सिंह गहलोत सहित कई जनप्रतिनिधि और हजारों श्रद्धालु उपस्थित रहे।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.