चीन में लगातार हो रही भारी बारिश और बाढ़ ने हालात बेहद गंभीर बना दिए हैं। दक्षिणी क्षेत्र गुआंग्शी में आई विनाशकारी बाढ़ में अब तक 39 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 9 लोग अब भी लापता हैं। राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है। अधिकारियों के अनुसार मृतकों में कई लोग क्षेत्रीय राजधानी नाननिंग में एक बड़े बांध (डैम) के टूटने से हुई दुर्घटना का शिकार हुए।
उधर, जिलिन प्रांत में भी टाइफून बावी के प्रभाव से लगातार मूसलाधार बारिश हो रही है। हालात की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने बाढ़ से निपटने के लिए आपातकालीन प्रतिक्रिया स्तर लेवल-4 से बढ़ाकर लेवल-3 कर दिया है। लगातार बारिश के कारण सोंगहुआ नदी के जिलिन क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है, जबकि मेइहे नदी का जलस्तर हाइड्रोलॉजिकल रिकॉर्ड शुरू होने के बाद सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गया है।
चीनी मौसम और जल संसाधन विभाग ने चेतावनी दी है कि हुइफा नदी का जलस्तर भी खतरे के निशान से ऊपर जा सकता है। इसके अलावा कई छोटी और मध्यम नदियों में भी जलस्तर तेजी से बढ़ने की आशंका है। विशेषज्ञों ने पहाड़ी इलाकों में फ्लैश फ्लड, भूस्खलन, शहरों में जलभराव और छोटे-बड़े बांधों पर खतरा बढ़ने की चेतावनी दी है।
जल संसाधन मंत्रालय के मुताबिक शुक्रवार तक उत्तर-पश्चिम चीन के पूर्वी हिस्सों और शानक्सी के कई क्षेत्रों में हल्की से लेकर अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना है। इसके चलते येलो नदी और उसकी कई सहायक नदियों में जलस्तर बढ़ सकता है, जिससे बाढ़ का खतरा और गहरा सकता है।
मंत्रालय ने संबंधित प्रांतों के अधिकारियों और नदी बेसिन प्रबंधन एजेंसियों को लगातार निगरानी रखने, समय रहते चेतावनी जारी करने और जलाशयों व सिल्ट डैम की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही संवेदनशील इलाकों में राहत एवं बचाव व्यवस्था मजबूत करने और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया है।