रानीखेत-द्वाराहाट में चुनावी तैयारी पूरी, 100% डिजिटाइजेशन कर बना नया रिकॉर्ड

 रानीखेत/अल्मोड़ा। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के तहत रानीखेत और द्वाराहाट विधानसभा क्षेत्रों में प्राप्त सभी गणना प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन कार्य शत-प्रतिशत पूरा कर लिया गया है। जिला निर्वाचन प्रशासन ने इसे निर्वाचन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, त्रुटिरहित और प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है।

जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अंशुल सिंह ने इस उपलब्धि पर दोनों विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों, सुपरवाइजरों, बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) तथा संबंधित कर्मचारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने समन्वय, जिम्मेदारी और समयबद्ध कार्यशैली का परिचय देते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर डिजिटाइजेशन का कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया है।

जिलाधिकारी ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची को अद्यतन, शुद्ध और त्रुटिरहित बनाना है, ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक अपने मताधिकार का प्रभावी एवं सुगम तरीके से उपयोग कर सके। उन्होंने कहा कि निर्वाचन से जुड़े सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की प्रतिबद्धता, टीम भावना और परिश्रम इस उपलब्धि में महत्वपूर्ण रहे हैं।

अंशुल सिंह ने जनपद के मतदाताओं से भी सहयोग की अपील की है। उन्होंने कहा कि जिन मतदाताओं को मतदाता सूची में नाम जोड़ने, नाम हटाने, संशोधन कराने अथवा अन्य किसी प्रकार की जानकारी प्राप्त करनी है, वे अपने क्षेत्र के संबंधित बीएलओ से संपर्क कर समय रहते आवश्यक प्रक्रिया पूरी करें।

इसके अलावा, जिलाधिकारी ने उन मतदाताओं से भी आग्रह किया, जिन्होंने अभी तक अपने गणना प्रपत्र बीएलओ को उपलब्ध नहीं कराए हैं, वे शीघ्र ही प्रपत्र जमा करें। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने में नागरिकों की भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है। प्रशासन का लक्ष्य है कि प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम निर्वाचन नामावली में सही और अद्यतन रूप में दर्ज हो, जिससे लोकतांत्रिक प्रक्रिया और अधिक मजबूत हो सके।

Leave A Reply

Your email address will not be published.