भारत से डिग्री लेकर झूम उठे 10 देशों के छात्र, उत्तरांचल विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में दिखा वैश्विक रंग

देहरादून। उत्तरांचल विश्वविद्यालय के सातवें दीक्षांत समारोह में भारत में उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे अंतरराष्ट्रीय छात्रों के चेहरों पर खुशी और गर्व साफ झलकता नजर आया। स्वामी विवेकानंद ऑडिटोरियम में आयोजित इस भव्य समारोह में 10 देशों के 35 विद्यार्थियों को स्नातक और स्नातकोत्तर उपाधियां प्रदान की गईं। यह आयोजन उच्च शिक्षा के क्षेत्र में विश्वविद्यालय की बढ़ती वैश्विक पहचान और अंतरराष्ट्रीय सहभागिता का प्रतीक बना।

समारोह की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के अध्यक्ष जितेंद्र जोशी ने की, जबकि सुशीला देवी सेंटर फॉर प्रोफेशनल स्टडीज एंड रिसर्च की उपाध्यक्ष अनुराधा जोशी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय की उपाध्यक्ष अंकिता जोशी, कुलपति प्रो. धर्म बुद्धि, रजिस्ट्रार डॉ. अनुज कुमार राणा, अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. कार्तिकेय सहित कई वरिष्ठ शिक्षाविद और संकाय सदस्य उपस्थित रहे।

दीक्षांत समारोह में लाइबेरिया, नेपाल, तंजानिया, मलावी, नाइजीरिया, जिम्बाब्वे, म्यांमार, नामीबिया, दक्षिण सूडान और स्वाजीलैंड सहित 10 देशों के विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की गईं। इनमें 20 छात्रों ने स्नातक तथा 15 विद्यार्थियों ने स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम सफलतापूर्वक पूरा किया। कुल 21 छात्र और 14 छात्राएं इस उपलब्धि के साक्षी बने।

शैक्षणिक उत्कृष्टता के लिए नाइजीरिया के अहमद आयुबा दावा को बैचलर ऑफ मेडिकल लेबोरेटरी टेक्नोलॉजी कार्यक्रम में स्वर्ण पदक से सम्मानित किया गया। उन्होंने भारत में प्राप्त शिक्षा को अपने देश के स्वास्थ्य क्षेत्र में योगदान देने की प्रेरणा बताते हुए विश्वविद्यालय के शिक्षण वातावरण की सराहना की। वहीं, के.सी. सयाना ने रिसर्च के साथ चार वर्षीय बैचलर ऑफ साइंस ऑनर्स की उपाधि प्राप्त की।

समारोह के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक शैक्षणिक परंपराओं ने अंतरराष्ट्रीय छात्रों को भारतीय संस्कृति की समृद्ध विरासत से परिचित कराया। अध्यक्ष जितेंद्र जोशी ने कहा कि भारत की प्रगतिशील शिक्षा नीतियां, समावेशी माहौल और अंतरराष्ट्रीय मान्यता देश को वैश्विक छात्रों के लिए पसंदीदा शैक्षणिक गंतव्य बना रही हैं। उन्होंने बताया कि वर्तमान में विश्वविद्यालय में 17 से अधिक देशों के विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। समारोह का समापन राष्ट्रगीत के साथ उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ।

Leave A Reply

Your email address will not be published.