राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर भट्ट का बड़ा हमला, विपक्ष को बताया ‘रामद्रोही’

देहरादून। राम मंदिर चढ़ावे से जुड़े प्रकरण को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा कि मामले में अब तक हुई त्वरित कार्रवाई पूरी तरह न्यायसंगत है और सरकार रामभक्तों की आस्था तथा मंदिर की गरिमा को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है। उन्होंने विपक्ष पर सनातन समाज की एकजुटता को कमजोर करने और धार्मिक भावनाओं को आहत करने का आरोप लगाया।

मीडिया से बातचीत के दौरान महेंद्र भट्ट ने विपक्ष के आरोपों को ‘घड़ियाली आंसू’ बताते हुए कहा कि जिन राजनीतिक दलों और नेताओं ने अतीत में राम मंदिर निर्माण का विरोध किया, रामभक्तों पर गोलियां चलवाईं और भव्य मंदिर निर्माण के मार्ग में बाधाएं खड़ी कीं, वे आज नैतिकता और पारदर्शिता की बात कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा के लिए प्रभु राम के मंदिर की प्रतिष्ठा, करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था और उनके विश्वास का विशेष महत्व है।

भट्ट ने आरोप लगाया कि विपक्ष का इतिहास हमेशा से राम मंदिर आंदोलन के विरोध से जुड़ा रहा है। उन्होंने कहा कि विपक्षी दल वर्षों तक बाबरी मस्जिद के पक्ष में बयानबाजी करते रहे और अब राम मंदिर से जुड़े मामलों को राजनीतिक मुद्दा बनाने का प्रयास कर रहे हैं। उनके अनुसार, विपक्ष का उद्देश्य केवल सनातन समाज की एकजुटता को कमजोर करना और हिंदू समाज की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाना है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सरकार और पार्टी किसी भी प्रकार की अनियमितता के मामलों में त्वरित कार्रवाई करने के पक्ष में हैं और रामभक्तों की आस्था के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार की प्राथमिकता मंदिर की पवित्रता, पारदर्शिता और श्रद्धालुओं के विश्वास को बनाए रखना है।

भट्ट ने कहा कि भाजपा के लिए धार्मिक स्थलों की गरिमा और श्रद्धालुओं की भावनाओं का सम्मान सर्वोपरि है। उन्होंने दावा किया कि विपक्ष के आरोपों से भाजपा विचलित होने वाली नहीं है और पार्टी सनातन संस्कृति तथा रामभक्तों के सम्मान की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.