रुद्रपुर। उत्तराखंड के रुद्रपुर स्थित गांधी मैदान में कृषि विभाग की ओर से आयोजित ‘खेत बचाओ अभियान’ का भव्य शुभारंभ केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी तथा प्रभारी मंत्री प्रदीप बत्रा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर किसानों के हित में कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की गईं और 369.66 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया।
कार्यक्रम के दौरान 46.32 करोड़ रुपये की लागत से तैयार नौ विकास कार्यों का लोकार्पण तथा 323.34 करोड़ रुपये की लागत वाली 32 नई परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि खेतों और मिट्टी का संरक्षण केवल कृषि उत्पादन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह पृथ्वी और मानव जीवन की सुरक्षा से भी जुड़ा विषय है। उन्होंने किसानों से मृदा परीक्षण के आधार पर उर्वरकों के संतुलित उपयोग और प्राकृतिक खेती को अपनाने का आह्वान किया।
शिवराज सिंह चौहान ने उत्तराखंड को कृषि और बागवानी के क्षेत्र में तेजी से उभरता राज्य बताते हुए कहा कि निकट भविष्य में यह प्रदेश हॉर्टिकल्चर हब के रूप में नई पहचान स्थापित करेगा। उन्होंने मुक्तेश्वर में सेब, अखरोट और बादाम जैसे उच्च गुणवत्ता वाले फलदार पौधों के उत्पादन के लिए 100 करोड़ रुपये की लागत से क्लीन प्लांट सेंटर स्थापित करने की घोषणा की। इसके अलावा चौबटिया में 15 करोड़ रुपये की लागत से सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित किया जाएगा तथा न्यूजीलैंड के सहयोग से कीवी उत्पादन बढ़ाने के लिए 15 करोड़ रुपये की विशेष योजना तैयार की जाएगी।
केंद्रीय मंत्री ने जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा के लिए 65 करोड़ रुपये की घेरबाड़ योजना तथा किसानों को मौसम की सटीक जानकारी उपलब्ध कराने के लिए 104 करोड़ रुपये की लागत से ऑटोमैटिक वेदर स्टेशन स्थापित करने की भी घोषणा की।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि “खेत बचाओ अभियान” केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का जनआंदोलन है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार किसानों को तीन लाख रुपये तक का ब्याजमुक्त कृषि ऋण, मुफ्त सिंचाई सुविधा और कृषि यंत्रों पर 80 प्रतिशत तक अनुदान उपलब्ध करा रही है। उन्होंने किसानों से प्राकृतिक खेती अपनाकर मिट्टी की उर्वरता और पर्यावरण संरक्षण में भागीदारी निभाने का आह्वान किया।