दो दिन पौड़ी दौरे पर रहेंगे धन सिंह रावत, कई विकास योजनाओं की देंगे सौगात

देहरादून। उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत 27 और 28 जून 2026 को जनपद पौड़ी के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों में विकास योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करने के साथ ही क्षेत्रीय विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे। साथ ही स्थानीय जनता, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं के साथ संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं से भी रूबरू होंगे।

डॉ. धन सिंह रावत ने बताया कि अपने भ्रमण कार्यक्रम के तहत वह 27 जून को सलाणा, बड़ियूं, चमगांव, कालौं, माथोली, पिपलोड़ी, सैंजी, नौठा और थलीसैंण क्षेत्र का दौरा करेंगे। इस दौरान वह आम लोगों से जनसंपर्क कर विकास योजनाओं की प्रगति का जायजा लेंगे। कार्यक्रम के तहत बजवाड़ में उप स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण के लिए भूमि पूजन किया जाएगा। इसके अलावा बड़ियूं को जोड़ने वाली सड़क के निर्माण कार्य का शिलान्यास एवं भूमि पूजन भी किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत स्वीकृत पटोटी-माथोली सड़क के डामरीकरण कार्य का भी शिलान्यास किया जाएगा। दौरे के दौरान स्थानीय ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें आयोजित कर क्षेत्रीय समस्याओं और विकास संबंधी सुझावों पर चर्चा की जाएगी।

28 जून को कैबिनेट मंत्री थलीसैंण में क्षेत्रीय ग्राम प्रहरियों के साथ बैठक करेंगे और उनकी समस्याओं तथा सुझावों पर विचार-विमर्श करेंगे। इसके बाद वह प्रधानमंत्री के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ में सहभागिता करेंगे। इसी दिन ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों के साथ विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे।

दौरे के अंतिम चरण में डॉ. रावत ग्राम जल्लू पहुंचकर सड़क डामरीकरण कार्य का शिलान्यास करेंगे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। भ्रमण के दौरान जनता की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुनकर उनके त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए जाएंगे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.