चारधाम यात्रियों के लिए सीएम धामी का बड़ा संदेश, अफवाहों से दूर रहने की अपील

 देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चारधाम एवं हेमकुंट साहिब यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं को राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता बताया है। मंगलवार को सचिवालय में आयोजित एक उच्चस्तरीय बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रा मार्गों पर आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि उनकी यात्रा सुरक्षित, सुगम और यादगार बन सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड में देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु और पर्यटक राज्य की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड आस्था, संस्कृति और प्राकृतिक सौंदर्य की अनमोल धरोहर है तथा सरकार का प्रयास है कि यहां आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को बेहतर अनुभव प्राप्त हो। उन्होंने सभी यात्रियों का स्वागत करते हुए अपील की कि वे अपनी यात्रा का आनंद लें और किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचनाओं या अफवाहों पर ध्यान न दें।

बैठक में मुख्यमंत्री ने कर्णप्रयाग और नगरासू में हाल ही में सामने आए घटनाक्रमों की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि इन मामलों में सभी पक्षों को ध्यान में रखते हुए प्रशासन और पुलिस निष्पक्ष तरीके से कार्रवाई कर रहे हैं। अब तक जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया गया है, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई है और आगे भी तथ्यों के आधार पर सख्त कदम उठाए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था बनाए रखने और सामाजिक सौहार्द कायम रखने के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रा सीजन के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं, यातायात प्रबंधन, साफ-सफाई, पेयजल, आवास और आपदा प्रबंधन से संबंधित व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा की जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

बैठक में बदरी-केदार मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी, हेमकुंट साहिब प्रबंधन ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेंद्रजीत सिंह बिंद्रा, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ सहित शासन और प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। सरकार ने दोहराया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और विश्वास बनाए रखना उसकी सर्वोच्च जिम्मेदारी है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.