बैठक से गायब रहा अधिकारी, मंत्री खजान दास ने लगाई फटकार; बोले- लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त

देहरादून। आगामी मानसून सीजन को देखते हुए उत्तराखंड सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री खजान दास ने राजपुर विधानसभा क्षेत्र में संभावित वर्षाकालीन समस्याओं से निपटने के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान मंत्री ने विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और अधिकारियों को मानसून से पहले सभी जरूरी कार्य समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।

खजान दास ने कहा कि बरसात के मौसम में आम लोगों को जलभराव, गंदगी और खराब सड़कों जैसी समस्याओं का सामना न करना पड़े, इसके लिए विभागों को अभी से सक्रिय होकर काम करना होगा। उन्होंने शहर की सफाई व्यवस्था, नालों की सफाई और सड़कों की मरम्मत की स्थिति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) का कोई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित नहीं होने पर मंत्री ने नाराजगी जताई। उन्होंने इसे लापरवाही करार देते हुए अधिशासी अभियंता को निर्देश दिया कि अगली बैठक में एमडीडीए के किसी जिम्मेदार अधिकारी की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए, ताकि जनहित से जुड़े मामलों में प्रभावी निर्णय लिए जा सकें।

एमडीडीए अधिकारियों ने जानकारी दी कि ब्राह्मणवाला में आढ़त बाजार के स्थानांतरण से जुड़े निर्माण कार्य लगभग 95 प्रतिशत पूरे हो चुके हैं। प्रभावित व्यापारियों को मुआवजा देने की प्रक्रिया भी जारी है और अब तक 78 से अधिक रजिस्ट्रियां कराई जा चुकी हैं।

मंत्री ने पेयजल व्यवस्था, पलटन बाजार क्षेत्र की समस्याओं और प्रिंस चौक में जलभराव की स्थिति पर भी चर्चा की। अधिकारियों ने बताया कि दर्शनलाल चौक से प्रिंस चौक तक स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज योजना के लिए 29.14 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिल चुकी है।

खजान दास ने लोक निर्माण विभाग को कांवली रोड, सुभाष रोड और मॉर्डन कॉलोनी रोड की मरम्मत मानसून से पहले पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने परेड ग्राउंड की सफाई व्यवस्था में सुधार लाने और गांधी पार्क की तर्ज पर वहां भी बेहतर सुविधाएं विकसित करने पर जोर दिया। मंत्री ने सभी विभागों से आपसी समन्वय के साथ जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देने की अपील की।

Leave A Reply

Your email address will not be published.