सीएम धामी का बड़ा तोहफा, 4,400 श्रमिकों के खातों में पहुंचे 11 करोड़ रुपये

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को प्रदेश के निर्माण श्रमिकों को बड़ी सौगात देते हुए उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के तहत 4,400 से अधिक श्रमिक लाभार्थियों के खातों में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से लगभग 11 करोड़ रुपये की सहायता राशि हस्तांतरित की। मुख्यमंत्री आवास में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने एक क्लिक के जरिए लाभार्थियों के खातों में यह धनराशि भेजी।

यह सहायता राशि बोर्ड की विवाह उपरांत सहायता, मृत्यु उपरांत अनुदान, प्रसूति सुविधा तथा शिक्षा सहायता योजनाओं के तहत पात्र श्रमिकों और उनके परिवारों को प्रदान की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रमिक राज्य की विकास यात्रा के महत्वपूर्ण भागीदार हैं और उनकी सामाजिक सुरक्षा एवं आर्थिक सशक्तीकरण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

मुख्यमंत्री ने श्रम विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रमिक कल्याण योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए ताकि अधिक से अधिक पात्र श्रमिक इन योजनाओं का लाभ उठा सकें। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष शिविर आयोजित किए जाएं तथा श्रमिकों के कार्यस्थलों के निकट ही आवश्यक सामग्री वितरण और अन्य सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

मुख्यमंत्री ने श्रमिकों के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, उनके आश्रित बच्चों की शिक्षा को बढ़ावा देने तथा जीवनोपयोगी सामग्री उपलब्ध कराने के लिए विशेष अभियान चलाने पर भी बल दिया। उन्होंने योजनाओं के संचालन में पूर्ण पारदर्शिता बनाए रखने और सूचना प्रौद्योगिकी के अधिकतम उपयोग के निर्देश देते हुए कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि योजनाओं का लाभ केवल वास्तविक और पात्र श्रमिकों तक ही पहुंचे।

कार्यक्रम में यह भी जानकारी दी गई कि उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड ने पिछले एक वर्ष के दौरान 24,323 श्रमिकों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के तहत कुल 93 करोड़ 6 लाख रुपये की अनुदान सहायता उपलब्ध कराई है। कार्यक्रम में राज्य सलाहकार कैलाश पंत, राज्य सतर्कता समिति की अध्यक्ष गीता रावत, उपाध्यक्ष मोहिनी पोखरिया, अपर सचिव विनीत कुमार, उप श्रम आयुक्त विपिन कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.