ऋषिकेश को 29.78 करोड़ की सौगात, सीएम धामी ने शुरू की कई बड़ी विकास परियोजनाएं

 ऋषिकेश। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को ऋषिकेश में आयोजित अखिल भारतीय महापौर परिषद की 117वीं कार्यकारी समिति की बैठक में हिस्सा लेते हुए राज्य के शहरी विकास और स्वच्छता को नई दिशा देने वाली कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कुल 29.78 करोड़ रुपये की तीन विकास योजनाओं की सौगात दी, जिनमें 23.15 करोड़ रुपये की एक योजना का लोकार्पण तथा 6.63 करोड़ रुपये की दो योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने देशभर से आए महापौरों का स्वागत किया और कहा कि शहरों का विकास देश के भविष्य से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि गांव भारत की आत्मा हैं, जबकि शहर देश के सपनों और संभावनाओं को आकार देते हैं। इसलिए शहरी विकास को मजबूत करना समय की आवश्यकता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में शहरी विकास के क्षेत्र में अभूतपूर्व परिवर्तन देखने को मिले हैं। स्वच्छ भारत मिशन के माध्यम से साफ-सफाई की नई संस्कृति विकसित हुई है, जबकि स्मार्ट सिटी मिशन ने आधुनिक और सुव्यवस्थित शहरों के निर्माण को गति दी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वनिधि योजना और अमृत मिशन जैसी योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंच रहा है।

मुख्यमंत्री ने चारधाम यात्रा का उल्लेख करते हुए बताया कि इस वर्ष केवल 45 दिनों में 30 लाख से अधिक श्रद्धालु चारधाम पहुंच चुके हैं, जो एक नया रिकॉर्ड है। वहीं आदि कैलाश और मां पूर्णागिरि धाम में भी श्रद्धालुओं की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। उन्होंने बताया कि पिछले चार वर्षों में 23 करोड़ से अधिक पर्यटक उत्तराखंड पहुंचे हैं।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ऋषिकेश नगर निगम क्षेत्र में 1.80 करोड़ रुपये की लागत से 10 ईवी चार्जिंग स्टेशनों के निर्माण और 4.83 करोड़ रुपये की लागत से वर्षा जल संचयन परियोजनाओं का शिलान्यास किया। साथ ही 23.15 करोड़ रुपये की लागत से सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट योजना के तहत कम्पोस्ट प्लांट और सैनेट्री लैंडफिल साइट के निर्माण कार्य का लोकार्पण भी किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छ, सुरक्षित और सुव्यवस्थित शहर ही विकसित भारत और विकसित उत्तराखंड की मजबूत नींव साबित होंगे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.